Katni में अवैध रेल ई-टिकट बनाने वाले को RPF ने पकड़ा

Katni में रेल सुरक्षा बल द्वारा अनाधिकृत रूप से रेल टिकट बनाने वालों के विरुद्ध “ऑपरेशन उपलब्ध” अभियान के तहत कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी कड़ी में कटनी में एक युवक को पकड़ा गया है। वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त जबलपुर, रेल सुरक्षा बल कार्यालय के माध्यम से प्रेषित संदिग्ध यूजर आईडी के वेरीफिकेशन हेतु जारी निर्देशों के आधार पर कार्यवाही के तहत सहायक उप निरीक्षक सुनील सिहं बघेल एवं स्टॉफ द्वारा अनिल अवस्थी, उम्र-34 साल, निवासी-तिलक काॅलेज रोड, जाग्रति कालोनी, आचार्य विनोवा भावे वार्ड जिला-कटनी से मोबाईल से पूछताछ की गई तो उसने लालचवश पर्सनल यूजर आईडी व जीमेल एकाउंट से ई-रेल टिकट बनाकर ग्राहकों को टिकट मूल्य से 20-50/-रूपये तक अतिरिक्त कमीशन लेकर बेचना स्वीकार किया।
जाॅच दौरान उसके कब्जे से एक मोबाईल, जिसमें जियो सिम लगी हुई है। आरपीएफ द्वारा पर्सनल यूजर आईडी से बनायी गई कुल 37 नग (यात्रा की जा चुकी) ई-रेल टिकटें कुल कीमत 44,155/-रूपये को जप्त किया गया। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकारोक्ति पश्चात रेल सुरक्षा बल पोस्ट कटनी में रेल अधिनियम धारा 143 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पश्चिम मध्य रेल के प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने रेल सुरक्षा बल की सराहना की। ऑपरेशन उपलब्ध के तहत रेल सुरक्षा बल द्वारा ई-रेल टिकिट की कालाबाज़ारी करने वालों के विरुद्ध धरपकड़ कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।








