Monday, April 6, 2026
Latest:
katni

Katni : बहन का पुत्र निकला सुमन बाई का कातिल

रीठी पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी
कटनी। रीठी थाना अंतर्गत ग्राम हरदुआ में घर में अकेली विधवा महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज करने के साथ ही हत्या की गुत्थी भी सुलझा ली है तथा विधवा की गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में उसकी सगी बहन के पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि ग्राम हरदुआ में किराए का मकान लेकर अकेले रहने वाली विधवा महिला सुमन बाई पति स्वर्गीय अमर सिंह ठाकुर की बीती 27 नवबंर की शाम 5 बजे के लगभग संदिग्ध अवस्था में लाश बरामद की गई थी।
पहले तो पुलिस सुमन की मौत को स्वभाविक मौत मानकर मामले की जांच कर रही थी लेकिन जब उसे सुमन की पीएम रिपोर्ट मिली तो पुलिस के कान खड़े हो गए। चिकित्सकों ने पीएम रिपोर्ट में सुमन की गला घोंटकर हत्या करने का उल्लेख किया था। लिहाजा पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज उसकी तलाश शुरू की। जिसमें पुलिस को सफलता मिल गई और सुमन बाई की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी बहन के 35 वर्षीय पुत्र बल्लू उर्फ बलवान पिता शिवदास ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सुमन बाई की बहन का पुत्र बल्लू उर्फ बलवान भी उसी गांव में रहता है। गांव में सुमन बाई का एक प्लाट है, जिस पर बल्लू की नजर लगी थी, वह उस प्लाट पर मकान बनाना चाह रहा था। बल्लू अपना मकान बेच चुका था और प्लाट के लिए सुमनबाई से पूर्व में विवाद कर चुका था। घटना दिनांक को दोनों में फिर विवाद हुआ तो बल्लू ने सुमन का गला दबाकर हत्या कर दी और भाग गया। आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ में बल्लू पर संदेह था।
घटना के पहले उसका सुमन बाई से विवाद हुआ था लेकिन पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने पर बल्लू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने पुलिस के सामने सबकुछ उगल दिया और पुलिस के सामने अपराध स्वीकार कर लिया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply