Katni : निर्माणीधीन सोसायटी भवन की छत ढही

तीन मजदूर घायल, ग्राम पंचायत मोहनिया राम में घटना
बहोरीबंद। बहोरीबंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहनियाराम में सोसाइटी भवन निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जाता है कि मजदूरों द्वारा कल छत डाली जा रही थी, इसी दौरान अचानक छत की बीम टूट कर नीचे गिर गई, जिससे छत डालने के लिए लगाया गया लोहा नीचे गिर गया और इस दौरान यहां पर काम कर रहे मजदूर घायल हो गए।
मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहोरीबंद लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। सोसायटी भवन निर्माण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के विरूद्ध अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार बहोरीबंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहनिया राम में सोसाइटी भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
कल मजदूरों द्वारा छत ढाली जा रही थी, इसी दौरान छत में लगाई गई बीम नीचे गिर गई। जिससे नीचे काम कर रहे मजदूर घायल हो गए। इस घटना में मनोज चौधरी, गोलू चक्रवर्ती तथा एक महिला मजदूर घायल हो गई। जिससे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।








