katni

Katni : दूरदर्शन केंद्र से प्रसारण बंद करने की तैयारी

कटनी। सिविल लाइन स्थित कटनी का दूरदर्शन केन्द्र आगामी दिनों में बंद हो जाए तो आश्चर्य नहीं। दूरदर्शन केन्द्र का प्रसारण रोकने की पूरी तैयारी हो चुकी है। आने वाले समय में इसका स्वरूप बदलकर एफएम स्टेशन तक सीमित कर दिया जाएगा। मैहर में तो इस आशय का फरमान आ भी चुका है। कटनी के प्रसारण केन्द्र के भी हाल ठीक नहीं है। पता चला है कि प्रसार भारती दिल्ली ने कई केंद्रों को बंद करने का निर्णय ले लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक उच्च शक्ति प्रसारण केंद्र छतरपुर के दूरदर्शन उपनिदेशक पीके सक्सेना ने कल 4 मार्च को मैहर स्थित दूरदर्शन केन्द्र में पत्र भेजकर प्रसारण बंद होने की जानकारी दी है। कहा गया है कि प्रसार प्रसारती दिल्ली के आदेशानुसार सिविल लाइन स्थित दूरदर्शन केन्द्र मैहर से दूरदर्शन का प्रसारण 31 मार्च रात्रि 12 बजे से बंद किया जा रहा है। इस केंद्र से वर्तमान मे मैहर तहसील के निवासी ऐंटीना के माध्यम से दूरदर्शन का प्रसारण देख रहे थे। वर्तमान की उन्नत प्रणाली के कारण अब यह प्रसारण 1 अप्रैल से डीडी प्लस के माध्यम से ही देखा जा सकेगा। स्थानीय कार्यालय से प्राप्त सूचना के आधार पर यह कार्यालय लोकनिर्माण विभाग के भवन से संचालित हो रहा था जिसमे 6 स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति थी। इस कार्यालय के बंद होने पर उन्हें अन्यत्र आकाशवाणी दूरदर्शन कार्यालयों मे स्थानांतरित कर दिया जायेगा। दूरदर्शन केन्द्र मैहर के प्रभारी अभियंता एके गर्ग ने बताया कि प्रसार भारती देश के सभी ने टीवी प्रसारण केंद्रो को बंद करने की क्रमिक श्रृंखला के तहत ही मैहर केंद्र को बंद किया जा रहा हैं जिसमें भारत के 500 स्टेशनों को बंद किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि कटनी दूरदर्शन केन्द्र भी बंद होने वाले स्टेशनों की कतार में है। कटनी में एफएम रेडियो स्टेशन प्रस्तावित है। इसके लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय स्तर पर प्रोसीडिंग भी हो चुकी है। कुछ औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एफएम स्टेशन की स्थापना हो सकती है। फिलहाल दूरदर्शन केंद्र बंद होने से बरसों पुरानी एक उपलब्धि सिमट जाएगी।

Back to top button