katni

Katni : चोरी की बाइक चलाते मिले शातिर बदमाश ने उठाया कई वारदातों से पर्दा

कटनी। ढीमरखेड़ा पुलिस की गिरफ्त में एक ऐसा शातिर चोर आया है। जिसने न केवल ढीमरखेड़ा बल्कि पड़ोसी जिला उमरिया की भी कुछ चोरियों का खुलासा किया है। अब तक की गई पूछताछ के बाद ढीमरखेड़ा पुलिस ने शातिर चोर के पास से सोने-चांदी के जेवर, साउंड बाक्स, सबमर्सिबल पंप सहित लगभग 75 हजार रूपए का सामान चोरी किया गया है, जो ढीमरखेड़ा थाना अंतर्गत अलग-अलग वारदातों में चोरी गया था।
वहीं पड़ोसी जिला उमरिया से चोरी की गई एक मोटर सायकल भी आरोपी के पास से बरामद की गई है। पुलिस की माने तो आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जिसमें चोरी की कुछ अन्य वारदातों से भी पर्दा उठ सकता है। गौरतलब है कि जिले में शहर से लेकर गांव-गांव तक घटित हो रही चोरी की वारदातों को पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने गंभीरता से लिया है तथा जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों को न केवल वारदातों पर अंकुश लगाने बल्कि घटित हो चुकि वारदातों की विवेचना करते हुए उनसे पर्दा उठाने संबंधी निर्देश जारी किए हैं।
बताया जाता है कि एसपी व एएसपी के इन निर्देशों को ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी एन.के.पांडे ने गंभीरता से लिया और स्लीमनाबाद एसडीओपी पी.के.सारस्वत के मार्गदर्शन में थाना अंतर्गत घटित चोरी की कुछ वारदातों की पतासाजी शुरू की। पतासाजी के दौरान ग्राम खम्हरिया निवासी एवं थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश 25 वर्षीय राजू पिता प्यारेलाल कोल चोरी की मोटर सायकल के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
थाने लाकर जब राजू से पूछताछ की गई तो उसने मोटर सायकल को पड़ोसी जिला उमरिया से चोरी करना बताया। इसके अलावा उसने ढीमरखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम पिंडरई व खम्हरिया में भी चोरी की तीन अलग-अलग वारदातों को भी अंजाम देना स्वीकार किया है। जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर थाना क्षेत्र की चोरियों में पार किया गया एक साउंड बाक्स, एम्पलीफायर, सबमर्सिबल पंप व सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी एन.के.पांडे ने बताया कि राजू से अभी और पूछताछ की जा रही है। जिसमें चोरी की कई वारदातों से पर्दा उठ सकता है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र की चोरी की वारदातों से पर्दा उठाने में ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी एन.के.पांडे सहित सहायक उपनिरीक्षक मानसिंह मार्को, के.के.सिंह, विष्णुशंकर जायसवाल, प्रधान आरक्षक बसंत परौहा, आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी व राजकुमार की भूमिका सराहनीय रही। सभी को पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने पुरूस्कृत करने की घोषणा की है।
उमरिया पुलिस को दी
सूचना-थाना प्रभारी
ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी एन.के.पांडे ने बताया कि राजू के द्धारा उमरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक मोटर सायकल चोरी की गई है। जिसको भी ढीमरखेड़ा पुलिस ने बरामद कर लिया है और इसकी सूचना उमरिया पुलिस को दे दी है। जिसके बाद उमरिया जिले के कोतवाली थाने की भी एक टीम ढीमरखेड़ा पहुंच गई है।

Leave a Reply

Back to top button