Katni : खुदाई कर जस की तस छोड़ दी सड़क

कटनी। ग्राम पंचायत के ढुलमुल रवैए के चलते लोगों को नित नई नहीं समस्याओं से दो चार होना पड़ रहा है। इसी तरह का एक मामला प्रकाश में आया है, जब सिलौंड़ी मेन मार्ग को खुर्दबुर्द कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिलौंड़ी मेन रोड में राय मेडिकल के पास पाइपलाइन डालने के लिए एक पखवाड़े पहले गड्ढा खोदा गया था लेकिन पाइप लाइन जोड़ने के बाद भी उक्त गड्ढे को भरा नहीं गया, जिससे आवागमन में भारी असुविधाओं का सामना लोगों को करना पड़ रहा है जबकि यही एकमात्र मुख्य मार्ग है, जिससे भारी वाहन भी आ जा सकते हैं।
पंचायत की उदासीनता का आलम यह है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं से भी पंचायत कोई सबक नहीं ले रही है। कुछ ही दिनों पहले इसी गढ्ढे में एक भैंस गिर गई थी, जिसे सहृदयी युवाओं ने घंटों की मशक्कत के बाद चार पहिया वाहन की सहायता से भैंस को बाहर निकाला था। इस कड़कड़ाती ठंड में युवाओं द्वारा पंचायत अधिकारियों को आईना दिखाया लेकिन बावजूद इसके पंचायत है कि गहन निद्राग्रस्त प्रतीत होती है। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि मेन रोड में इतना बड़ा गड्ढा 1 महीने भर होने को है लेकिन काम में गति न होने की वजह से इसे भरा नहीं जा रहा है। पंचायत के इस रवैये से आक्रोशित स्थानीयजनों ने शीघ्र अति शीघ्र पाइप लाइन दुरुस्त करते हुए गड्ढे को भरे जाने की मांग की है।








