Katni: कटनी साउथ से एनकेजे के बीच बेपटरी हुआ मालगाड़ी का इंजन
कटनी। रेलवे अफसरों में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एनकेजे में मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। डिरेलमेंट की खबर लगते ही अधिकारी हरकत में आए और मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कराया।
मालागाड़ी के डिरेलमेंट होने से कटनी-बिलासपुर ट्रैक कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम कटनी-साउथ से एनकेजे मालगाड़ी बॉक्स-एन आ रही थी। जीसी-1 केबिन के सामने मल्टी इंजन पटरी से उतर गए।
मालगाड़ी डिपार्चर लाइन सात की तरफ जा रही थी। प्वाइंट से जैसे ही आगे निकली तो मल्टीपॉवर का पहिया उतर गया। एक इंजन को काटकर अलग कर दिया गया। अप-लाइन रुका है। जिनमें मालगाड़ी और यात्री गाड़ी सभी प्रभावित हैं। घटना शाम साढ़े 6 बजे की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। इसके बाद राहत कार्य शुरू हुआ। रेल अधिकारियों ने बताया कि कटनी साउथ से दूसरा इंजन भेजा गया ताकि लोड को खींचकर लाया जा सके।
इस हादसे के चलते कटनी-बिलासपुर ट्रैक काफी समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। गौरतलब है कि एनकेजे में लगातार डिरेलमेंट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
तकनीकी खामियों के कारण हादसे हो रहे हैं। हादसे उस वक्त हो रहे हैं जब ट्रेनों का दबाव नहीं हैं। ऐसे में रेल अफसरों की बड़ी बेपरवाही सामने आई है। हालांकि अधिकारियों ने हादसे की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। मालगाड़ी किस वजह से पटरी से उतरी है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।

