katni

Katni : निर्माणाधीन ओवर ब्रिज से गिरा मजदूर, हालत गंभीर

बिना सुरक्षा उपकरणों के काम ले रहा ठेकेदार
कटनी। बीना-बिलासपुर रेलखंड के मिशन चौक रेलअंडर पास के ऊपर निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य में ठेकेदार के द्धारा जमकर मनमानी की जा रही है तथा ब्रिज के ऊपर चढ़कर काम करने वाले मजदूरों को सुरक्षा उपकरणों के नाम पर केवल रेडियम जड़ित जैकेट दी जा रही है। इसके अलावा सिर को सुरक्षित रखने हेलमेट तक नहीं दिया जा रहा है। जिसके कारण यहां आए दिन ऊंचाई से गिरकर मजदूर घायल हो रहे हैं।
मजदूरों के घायल होने के बाद ठेकेदार ऐसे मामलों को भी दबा देता है और निजी अस्पतालों में चोरी चुपके उपचार कराकर पूरे मामले को रफादफा कर देता है। ऐसा ही एक हादसा आज सुबह हुआ। जिसे ठेकेदार सोशल मीडिया की नजर से नहीं बचा पाया। हालांकि सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने के बावजूद ठेकेदार घटना पर पर्दा डालने भरसक प्रयास करता रहा। सूत्रों व सोशल मीडिया पर वायरल खबर के मुताबिक आज सुबह ओवरब्रिज के ऊपर निर्माण कार्य में बिना सुरक्षा उपकरणों के लगे मजदूरों में से एक मजदूर संतुलन बिगड़ने पर ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल मजदूर को साथी मजदूर तत्काल ओवर ब्रिज के समीप स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां प्रारंभिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर उसे गहन उपचार के लिए जबलपुर रिफर कर दिया गया। जिसके बाद उसे जबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के वक्त अचानक तेज आवाज के साथ ब्रिज में काम कर रहा एक मजदूर नीचे गिर गया। जिसे कंपनी वाले तुरंत घटना स्थल से लेकर चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ओवर ब्रिज के निर्माण में ठेका कंपनी के द्धारा जमकर मजदूरों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है तथा उनसे बिना हेलमेट व अन्य सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम लिया जा रहा है। जिसके कारण ब्रिज के निर्माणकार्य में लगे मजदूर जान जोखिम में डालकर काम करने मजबूर हैं। वहीं इस पूरे मामले को लेकर ठेकेदार नरेन्द्र मिश्रा का कहना है कि आज सुबह एक मजदूर ऊंचाई से गिरकर घायल हुआ है।
जिसका उपचार जबलपुर के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। वहीं इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबरों के मुताबिक घटना में कम से कम आधा दर्जन मजदूर ऊंचाई से गिरकर घायल हुए हैं। जिसमें से एक मजदूर की मौत हो गई, लेकिन सोशल मीडिया की इन खबरों की अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply