katni

katni : अपहरण और दुष्कृत्य का ईनामी आरोपी गिरफ्तार, विदिशा में घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

कटनी। अपहरण और दुष्कृत्य के ईनामी फरार आरोपी आरोपी को गिरफ्तार करने में विजयराघवगढ़ पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने विगत दिवस मुखबिरों की सूचना पर उसे घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार किया।

बताया जाता है कि विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नई बस्ती खिरवा नंबर 1 निवासी 29 वर्षीय अठईयां उर्फ लक्ष्मण चौधरी पिता प्रेमलाल चौधरी के विरूद्ध फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 363, 366, 376 (2) (झ)(ढ) आईपीसी , 3, 4, 5 (बी), 6 पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार था। जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रूपए का ईनाम घोषित किया गया था।

इसी बीच पुलिस को मुखबिरों के माध्यम से आरोपी के विदिशा में होने का सुराग लगा। जिस पर फरार आरोपी की तलाश में विजयराघवगढ़ थाने के प्रधान आरक्षक कमलेश्वर शुक्ला, आरक्षक कमलेश बैरागी, आरक्षक पप्पू प्रजापति को विदिशा रवाना किया गया। उक्त पुलिस टीम द्वारा आरोपी को घेराबंदी कर 18 जुलाई को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

जिसे गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी में एसडीओपी विजयराघवगढ़ हरिओम शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक विजय अंभोरे एवं स्टाफ आरक्षक कमलेश्वर शुक्ला, आरक्षक कमलेश बैरागी, आरक्षक पप्पू प्रजापति, आरक्षक अरविंद गर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Back to top button