स्मरण उत्सव के रूप में मनाया गया कर्मयोगी पंडित सत्येंद्र पाठक का जन्मदिन, विधायक संजय पाठक ने लगाया जनता दरबार, की यह बड़ी घोषणा
कटनी (YASHBHARAT.COM)। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कर्मयोगी स्वर्गीय पंडित सत्येंद्र पाठक का जन्मदिन 7 अप्रैल को श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर पाठक वार्ड स्थित शांति निवास में उनके सुपुत्र, पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने जनता दरबार आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए तत्परता दिखाई।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे संजय सत्येंद्र पाठक द्वारा अपने पूज्य पिता स्व. पंडित सत्येंद्र पाठक के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात परिवारजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। पूरे आयोजन में भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जहां लोगों ने उनके जनसेवा से जुड़े कार्यों को स्मरण किया।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों की समस्याओं को संजय पाठक ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उनके समाधान के निर्देश दिए। यह क्रम दोपहर 3 बजे तक निरंतर जारी रहा।
जिले को जल्द मिलेगा सर्वसुविधायुक्त अस्पताल
मीडिया से चर्चा के दौरान संजय सत्येंद्र पाठक ने बताया कि उनके पूज्य पिता की स्मृति में जिला अस्पताल परिसर में बन रहा सर्वसुविधायुक्त अस्पताल भवन अब अंतिम चरण में है। निर्माण कार्य पूर्ण होते ही इसे अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन आम जनता के लिए शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा।
चुनाव से पहले लेंगे जनादेश
संजय सत्येंद्र पाठक ने राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व वे विजयराघवगढ़ क्षेत्र में अपने स्तर पर जनमत प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें 51 प्रतिशत से कम समर्थन मिलता है, तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
स्मरण उत्सव के इस आयोजन ने एक बार फिर स्व. पंडित सत्येंद्र पाठक की जनसेवा और कर्मयोगी जीवनशैली को लोगों के बीच जीवंत कर दिया।


