Jobs in MP मध्य प्रदेश में रिक्त एक लाख 16 हजार सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया सितंबर-अक्टूबर 2023 तक पूरी हो जाएगी
Jobs in MP चुनावी साल में बेरोजगार सरकारी जॉब चाहने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश में रिक्त एक लाख 16 हजार सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया सितंबर-अक्टूबर 2023 तक पूरी हो जाएगी। राज्य लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से 50 हजार 349 पदों के लिए भर्ती परीक्षा हो चुकी है। 40 हजार 921 के परिणाम घोषित हो गए हैं।
28 हजार 996 पदों के विज्ञापन जारी कर दिए गए हैं और नौ हजार 73 पदों के लिए भर्ती हो रही है। उधर, बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 22 हजार 461 चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। आठ हजार शिक्षकों की भर्ती मई में होगी।
शेष पदों के लिए संबंधित विभागों को भर्ती प्रस्ताव एजेंसियों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। आरक्षक, पैरामेडकिल स्टाफ सहित अन्य संवर्ग के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। बुधवार को 16 हजार 427 प्राथमिक, तीन हजार 800 माध्यमिक और दो हजार 234 उच्च माध्यमिक श्रेणी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री आवास में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नवनियुक्त शिक्षकों से संवाद करेंगे।








