J&K Body Election Result : अनंतनाग में कांग्रेस की जीत, दक्षिण कश्मीर भाजपा भारी

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में 13 वर्षों बाद हुए निकाय चुनाव में भाग्य आजमा रहे 2990 उम्मीदवारों में से 720 की तकदीर आज खुल जाएगी। राज्य के 79 शहरी निकायों के 1145 वार्डों में से 720 के लिए मतगणना जारी है।

जम्मू शहर में भाजपा अपना दबदबा कायम करती नजर आ रही है वहीं निर्दलीय उम्मीदवार भी पीछे नहीं हैं। यहां कांग्रेस तीसरे स्थान पर है। अभी तक आए परिणामों ने यह तो स्पष्ट कर दिया है कि जम्मू नगर निगम में मेयर भाजपा का ही होगा। हालांकि कश्मीर में भाजपा बेहतर प्रदर्शन नहीं दिखा पाई। कई निकायों में कांग्रेस क्लीन स्वीप कर रही है जबकि लद्दाख प्रांत के दो निकायों लेह व कारगिल में भाजपा एक भी सीट जीतने में नाकाम रही।

जम्मू म्यूनिसिपल कारपोरेशन में अभी तक घोषित परिणाम में 75 वार्डों में 59 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं और इनमें भाजपा ने 37, कांग्रेस ने 7 जबकि 15 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार सफल रहे हैं। जिला ऊधमपुर में भाजपा ने चार, पैंथर्स पार्टी ने छह, कांग्रेस ने दो, निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन जबकि पवन गुप्ता के नेतृत्व वाले दल पांच सीटें हासिल की है। वहीं कटड़ा म्यूनिसिपल काउंसिल के सभी 13 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं।

इनमें भाजपा ने सात सीटों, कांग्रेस ने दो जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने चार सीटें हासिल की हैं। चिनैनी में भाजपा ने 3, कांग्रेस ने एक, निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। जिला किश्तवाड़ में निर्दलीय उम्मीदवारों का दबदबा रहा। यहां की 13 सीटों में 10 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपनी जीत दर्ज करवाई जबकि अन्य तीन सीटों पर कांग्रेस के दो और भाजपा के एक उम्मीदवार ने अपनी जीत दर्ज करवाई।

उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा में भाजपा के जिला प्रधान वसीम वारी जो वार्ड नंबर 11 से चुनाव लड़ रहे थे, कांग्रेस उम्मीदवार जफ्फर उल्ला खान से हार गए हैं। गांदरबल नगर समिति के 17 वार्डों में से 13 पर निर्दलीय जीते हैं जबकि दो वार्डों में भाजपा व दो में कांग्रेस के उम्मीदवारों ने अपनी जीत दर्ज करवाई है। अनंतनाग में भी कांग्रेस का दबदबा रहा यहां की 25 सीटों में से 20 सीटों पर काग्रेस ने जीत हासिल की है।

जिला बांडीपोरा के सुंबल म्यूनिसपल काउंसिल की 13 सीटों में से आठ सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती जबकि अन्य पांच पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। सज्जाद गनी लोन की पार्टी पीपुल्स कांफ्रेंस ने हंदवाड़ा म्यूनिसिपल काउंसिल की सभी 13 सीटों पर जीत दर्ज की है। हंदवाड़ा में भाजपा ने कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा था। गांदरबल में निर्दलीय उम्मीदवार हावी रहे।

यहां की 17 वार्डों में 13 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इसके अलावा दो सीटों पर कांग्रेस और दो पर भाजपा के उम्मीदवार जीते। बारामुला की 21 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा के खाते में छह जबकि तीन पर निर्दलीय उम्मीवार ने जीत हासिल की।

उड़ी म्यूनिसिपल काउंसिल की 13 सीटों में सात पर निर्दलीय, छह पर कांग्रेस ने हाथ साफ किए। यहां भाजपा अपना खाता नहीं खोल पाई। लेह में सभी 13 सीटें कांग्रेस ने जीती हैं। कारगिल म्यूनिसिपल काउंसिल की 13 सीटाें में आठ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं, यहां कांग्रेस ने पांच जबकि भाजपा ने एक सीट पर कब्जा किया है।

Exit mobile version