जैन धर्मशाला विवाद ने पकड़ा तूल, जैन समाज ने बंद रखे बाजार
बाउंसरों की मौजूदगी और महिलाओं से अभद्रता के आरोपों पर भड़का आक्रोश, धार्मिक स्थल की मर्यादा भंग करने का भी लगाया आरो
कटनी। शहर के कोतवाली थाने के ठीक सामने स्थित जैन धर्मशाला की संपत्ति को लेकर पिछले करीब 15 दिनों से चल रहा विवाद अब उग्र रूप लेता जा रहा है। शुक्रवार रात धर्मशाला परिसर में बाउंसरों के पहुंचने और महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने के आरोपों के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश फैल गया। इसके विरोध में शनिवार सुबह से जैन समाज के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में जैन समाज की दुकानों पर ताले लटके रहे। हालांकि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दूध और चाय की दुकानों को बंद से मुक्त रखा गया।
बाउंसरों के साथ धर्मशाला पहुंचने का आरोप
जैन समाज के लोगों का आरोप है कि शुक्रवार रात अनुराग जैन गहना और संदीप सिंघई बाउंसरों के साथ धर्मशाला परिसर पहुंचे थे। आरोप लगाया गया कि इस दौरान वे जूते पहनकर धार्मिक स्थल के भीतर दाखिल हुए और वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। धार्मिक स्थल की मर्यादा भंग किए जाने और महिलाओं के साथ कथित अभद्रता की जानकारी समाज के लोगों तक पहुंचने के बाद आक्रोश फैल गया। इसी के विरोध में शनिवार को प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया गया।

