jabalpur

Jabalpur Corona Update : कोरोना प्रोटोकाल के उल्लंघन में जारी रहेगी सख्ती, एसपी ने लिया शहर का जायजा

जबलपुर। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को 258 लापरवाह लोगों को अस्थायी जेल भेजते हुए सात लोगों के विरुद्ध धारा 188 के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान शनिवार शाम पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने शहर का जायजा लेकर लाकडाउन के दौरान पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि लाकडाउन के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराते हुए पुलिस अधिकारी व जवान कोरोना वायरस से स्वयं की सुरक्षा का ध्यान रखें। इधर, शनिवार को मास्क व शारीरिक दूरी के उल्लंघन पर एक हजार 576 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर पुलिस ने एक लाख 57 हजार 600 रुपये जुर्माना वसूला। पुलिस अधीक्षक बहुगुणा ने बताया कि जिले के समस्त नगरीय क्षेत्रों में नौ अप्रैल को शाम छह से 12 अप्रैल को सुबह छह बजे तक 60 घंटे के लॉकडाउन की घोषणा हुई थी। जिसके बाद शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 48 फिक्स पाइंट लगाए गए। इसी तरह 36 थाना मोबाइल एवं 42 एफआरवी मोबाइल, 36 चीता मोबाइल के अलावा 36 अतिरिक्त मोबाइल लगाई गई है।

सहयोग करें नागरिक : पुलिस अधीक्षक बहुगुणा ने कहा कि कोरोना महामारी का खतरा बढ़ता जा रहा है। संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए लाकडाउन की घोषणा की गई। नागरिकों को लाकडाउन के साथ कोरोना प्रोटोकाल के निर्देशों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात को देखते हुए कोरोना संक्रमण से बचने के लिए प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहने की आवश्यकता है। नागरिकों का दायित्व है कि वे कोरोना संक्रमण की चेन तोड़कर स्वयं व स्वजन की रक्षा करें। वे भीड़ का हिस्सा न बनें और अति आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। समय समय पर साबुन पानी से हाथ धोना, सैनिटाइजर, मास्क व शारीरिक दूरी पर ध्यान दें। किसी भी तरह की शारीरिक समस्या होने पर नजदीकी फीवर क्लीनिक अथवा अस्पताल में जांच कराएं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम