Jabalpur : मेडिकल स्टोर में काम करने वाली महिला कोरोना पॉजिटिव
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में घंटाघर के समीप स्थित दवा की होलसेल दुकान में काम करने वाली महिला व सेना का जवान कोरोना वायरस से संक्रमित मिला है। गुरुवार को आईसीएमआर व विक्टोरिया की टू नेट स्क्रीनिंग लैब से जारी रिपोर्ट में मरीजों का पता चला।
कोरोना संक्रमित जवान 22 वर्ष पूर्व में संक्रमित मिले जवान के संपर्क में था तथा छोटी ओमती निवासी 36 वर्षीय महिला की कांटेक्ट हिस्ट्री का पता लगाया जा रहा है। बताया जाता है कि कोरोना संक्रमित महिला को 20 जून को गले में खरास व बुखार की शिकायत हुई थी। दवा दुकान से स्वयं द्वारा दवाएं लेकर उसने सेवन किया था और लगातार ड्यूटी करती रही।
24 जून को ड्यूटी के दौरान उसने विक्टोरिया अस्पताल में सैंपल दिया था। यह भी कहा जा रहा है कि महिला रोजाना अपने रिश्तेदारों के घर आती जाती रही तथा दवा दुकान में कई कर्मचारी साथ में काम करते हैं। इस प्रकार जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 380 हो गई है। जिनमें 298 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 68 एक्टिव केस बचे हैं तथा 14 की मौत हो चुकी है।

