jabalpurLatest

Jabalpur में SP ऑफ़िस का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प

Jabalpur news. मध्यप्रदेश के जबलपुर में बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया है, आज कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एसपी आफिस का घेराव करने के लिए पहुंच गए, जिन्हे तैनात पुलिस बल ने मालगोदाम के पास ही रोक लिया, इस बात को लेकर कांग्रेस नेताओं की पुलिस से झड़प हो गई, जिसके चलते कांग्रेसजनों ने धरना देकर प्रदर्शन शुरु कर दिया.

बताया जाता है कि निजी अस्पतालों की लूट खसोट से लेकर बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस द्वारा लगातार प्रदर्शन किए जा रहे है, इसी सिलसिले में आज युवक कांग्रेस के शशांक दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एसपी आफिस का घेराव करने पहुंच गए, जिन्हे तैनात पुलिस बल ने मालगोदाम के पास ही बैरीकेट लगाकर रोक दिया. इसके बाद भी जब कांग्रेसियों ने आगे बढऩे की कोशिश की तो पुलिस ने धक्का देना शुरु कर दिया, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, पुलिस से झड़प के बाद युवक कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन शुरु कर दिया, करीब आधा घंटा तक कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे, जिससे सड़क पर जाम के हालात निर्मित हो गए, लोगों को रास्ता बदलकर निकलना पड़ा.

इस बीच पुलिस अधिकारियों ने युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उठाने की कोशिश की लेकिन जब वे नहीं माने तो गिरफ्तार कर लिया गया. इस दौरान युवक कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि शहर के कभी सरेराह आटो चालक की पिटाई की जा रही है तो कहीं रेप कर हत्या जैसी जघन्य वारदात हो रही है, यहां तक कि कारोबारी के बेटे का अपहरण कर हत्या कर दी गई है, अपराधों पर अंकुश लगाने में पूरा पुलिस विभाग नाकाम ही साबित हो रहा है.

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम