Jabalpur: DIAL-100 चालक की पत्नी ने तिलवारा से लगाई छलांग, नाविकों ने बचाया
जबलपुर। तिलवारा पुल में उस वक्त हड़कंप जब एक महिला ने छलांग लगा दी। आत्महत्या के उद्देश्य से कूदी महिला को बगैर देर किए हुए नाविकों ने सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की तो महिला अधारताल की रहने वाली निकली। पूरा मामला अधारताल थाने भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक अधारताल कंचनपुर निवासी संध्या विश्वकर्मा का पति डायल 100 वाहन में चालक है। जो कि संध्या पर शक कर आए दिन उससे विवाद करता था। अपने पति की रोज-रोज की इन हरकतों से त्रस्त होकर संध्या कल तिलवारा पहुंची और आत्महत्या करने छोटे पुल से छलांग लगा दी। संध्या के कूदते ही घाट पर खड़े नाविकों और पुलिस कर्मियों ने उसे बाहर निकला और होश में आने के बाद थाने ले गए। जहां टीआई सतीश पटेल ने महिला की हालत सामान्य होने के बाद उससे पूछताछ की तो उसने अपनी पीड़ा सुना दी। जिसके बाद टीआई ने तत्काल उसके पति को बुलाकर दोनों को समझाइश दी।
बेवजह शक करता है पति
महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति गोहलपुर थाना की डायल-100 गाड़ी चलाता है। काफी समय से पति उस पर शक करता है और इसी को लेकर रोज विवाद करता है। रोज-रोज के तानों से परेशान होकर वह आत्महत्या करने तिलवारा पहुंची थी।
थाना प्रभारी की समझाइश मानी महिला
अधारताल थाना प्रभारी ने महिला और उसके पति को समझाइश देते हुए कहा कि इस तरह के झगड़ों से घर बर्बाद होता है। इसलिए विवाद से बचना चाहिए। थाना प्रभारी की बात पर महिला शांत हुई और घर लौट गई।

