Site icon Yashbharat.com

ISIS ने ली श्रीलंका में हमलों की जिम्मेदारी, आठ हमलों में हुई थी 310 लोगों से ज्यादा की मौत

alkayda aatanki

रॉयटर्स। इस्लामिक स्टेट(आईएसआईएस) ने अपनी अमाक समाचार एजेंसी के माध्यम से श्रीलंका बम विस्फोटों के लिए जिम्मेदारी का दावा किया है। बता दें एशियाई देश श्रीलंका रविवार को चर्च और होटलों में हुए सिलसिलेवार धमाकों से दहल गया था। ईस्टर वाले दिन चर्चों और लक्जरी होटलों को निशाना बनाया गया, जिसमें कई सौ लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इस हमले की साजिश रचने को लेकर कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। वहीं मंगलवार को श्रीलंका के उप रक्षा मंत्री रुवान विजयवर्धने ने श्रीलंकाई संसद में हमले के पीछे क्राइस्टचर्च का बदला बताया था।

रक्षा मंत्री रुवान विजयवर्धने ने संसद को बताया, ‘प्रारंभिक जांच में पता चला है कि श्रीलंका में रविवार को जो हुआ वो क्राइस्टचर्च में मुसलमानों के खिलाफ हुए हमले का बदला था।’ बता दें कि पिछले महीने न्‍यूजीलैंड के क्राइस्‍टचर्च शहर में एक ऑस्ट्रेलियाई बंदूकधारी ब्रेंटन टैरंट ने दो मस्जिदों में अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में 50 लोगों की मौत हो गई थी। हमले के वक्‍त मस्जिद में भारी तादाद में श्रद्धालु मौजूद थे।

ईस्टर वाले दिन श्रीलंका चर्च और होटलों में हुए सिलसिलेवार धमाकों से दहल गया। इसमें कम से कम 310 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 500 से अधिक लोग इसमें घायल बताए जा रहे थे। इन हमलों की भारत समेत पूरी दुनिया भर में निंदा हो रही है। अधिकतर दुनिया के सभी शक्तिशाली नेताओं ने श्रीलंका के साथ खड़े रहने की बात कही।

पहला धमाका
श्रीलंका में ईस्टर वाले दिन रविवार को पहला धमाका कोलंबो में तीन चर्चों सेंट एंथनीज चर्च, पश्चिमी तटीय शहर नेगोंबो में सेंट सेबेस्टियन चर्च और पूर्वी शहर बैटलिकलोआ में एक और चर्च में हुआ। साथ ही पांच सितारा होटल, शांगरीला, द सिनामॉन ग्रैंड और द किग्सबरी में भी तीन विस्फोट किए गए। श्रीलंका पुलिस के मुताबिक 8 बजकर 45 मिनट पर पहला धमाका हुआ। लेकिन एक के बाद एक आठ धमाकों से श्रीलंका में सनसनी फैल गई। हालांकि पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक 40 संदिग्धाें को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Exit mobile version