Latestमध्यप्रदेश

5वीं-8वीं परीक्षा कॉपी जांच में गड़बड़ी: पहले मूल्यांकन में गलती, फिर रीटोटलिंग में लापरवाही—56 शिक्षकों पर कार्रवाई तय

5वीं-8वीं परीक्षा कॉपी जांच में गड़बड़ी: पहले मूल्यांकन में गलती, फिर रीटोटलिंग में लापरवाही—56 शिक्षकों पर कार्रवाई तय।

जिला मुख्यालय | शिक्षा विभाग से बड़ी खबर।जिले में पांचवीं और आठवीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में बड़ी लापरवाही सामने आई है। कॉपियां जांचने वाले 56 शिक्षकों की गलतियों के कारण हजारों छात्रों के परिणाम प्रभावित हुए। कई छात्र जहां फेल हो गए, वहीं कई के अंक वास्तविक से कम दर्ज किए गए।

मामला तब और गंभीर हो गया जब 4 हजार से अधिक छात्रों ने अपने अंकों की दोबारा जांच (रीटोटलिंग) के लिए आवेदन किया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि रीटोटलिंग प्रक्रिया में भी लापरवाही बरती गई और कई मामलों में फिर से गलत अंक दर्ज कर दिए गए।

इस पूरे मामले को लेकर जिला शिक्षा केंद्र ने जांच कराई, जिसमें 56 शिक्षकों को दोषी पाया गया। सभी संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। कुछ शिक्षकों ने अपने स्पष्टीकरण भी विभाग को सौंप दिए हैं।

हालांकि जिला शिक्षा केंद्र के अधिकारी इन जवाबों का परीक्षण कर रहे हैं, लेकिन विभागीय सूत्रों का कहना है कि दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।

इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और छात्रों के भविष्य को लेकर अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि