जनसुनवाई में सुनी फरियादियों की शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई में सुनी फरियादियों की शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्दे
कटनी, 15 सितंबर। आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान आवेदकों ने पारिवारिक एवं पड़ोसी विवाद, दस्तावेजों का दुरुपयोग कर ऋण लेने संबंधी धोखाधड़ी, पैसों के लेन-देन, मकान-दुकान पर अवैध कब्जे, महिला द्वारा ब्लैकमेलिंग, वित्तीय धोखाधड़ी, प्लॉट एवं भूमि विवाद, महिला अपराध सहित पुलिस से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्रस्तुत कीं।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर निष्पक्ष, प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य प्रकरणों में दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, डीएसपी शिवा पाठक, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।








