महापौर जनसुनवाई में 17 आवेदनों पर सुनवाई,नागरिकों ने सीधे महापौर के समक्ष रखीं समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
महापौर जनसुनवाई में 17 आवेदनों पर सुनवाई,नागरिकों ने सीधे महापौर के समक्ष रखीं समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्दे
कटनी, 15 सितंबर। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर जनसुनवाई आयोजित की गई। सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चली जनसुनवाई में विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने महापौर प्रीति संजीव सूरी के समक्ष अपनी समस्याएं, शिकायतें और शहर विकास से संबंधित सुझाव रखे। जनसुनवाई में कुल 17 आवेदनों पर सुनवाई की गई।
नागरिकों ने पेयजल आपूर्ति, जलकर, जर्जर सड़क एवं नालियों की मरम्मत तथा आवास योजना सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। महापौर ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मिला आवास, हितग्राही ने जताया आभार
जनसुनवाई के दौरान इंदिरा आवास योजना से जुड़े एक प्रकरण में हितग्राही पवन कुमार विश्वकर्मा को डी ब्लॉक भवन क्रमांक 114, इंदिरा नगर में आवास मिलने की जानकारी दी गई। आवास मिलने पर पवन कुमार ने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब उनका परिवार किराये के मकान की परेशानी से मुक्त होकर अपने आवास में रह सकेगा।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों और नगर निगम प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। शहरवासियों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए निगम की अलग-अलग शाखाओं के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जनसुनवाई के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की प्रगति पर विशेष निगरानी रखें। महापौर ने कहा कि वे स्वयं आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करेंगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








