Indresh Upadhyay कटनी में श्रीमद् भागवत कथा का दिव्य आयोजन पं. श्री इन्द्रेश उपाध्याय जी महाराज के श्रीमुख से बहेगी भक्ति और ज्ञान की अमृतधारा
कटनी। Indresh Upadhyay जब-जब समाज में धर्म, भक्ति और संस्कारों के पुनर्जागरण का संयोग बनता है, तब-तब श्रीमद् भागवत कथा के माध्यम से जनमानस को भगवान श्रीकृष्ण की शरण में ले जाने का अनुपम अवसर प्राप्त होता है। ऐसा ही एक पावन और ऐतिहासिक अवसर कटनी नगर में साकार होने जा रहा है। रङ्गनाथ नगर, कटनी में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य, दिव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन 31 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक श्री रङ्गनाथ हनुमान मंदिर, साउथ स्टेशन के समीप आयोजित होगा। कथा का वाचन वृन्दावन धाम से पधारे सुप्रसिद्ध कथा वाचक पं. इन्द्रेश उपाध्याय महाराज के श्रीमुख से होगा, जिनकी ओजस्वी, सरस एवं हृदयस्पर्शी वाणी देशभर में श्रद्धालुओं को भक्ति पथ पर अग्रसर करती रही है।
श्रीमद् भागवत महापुराण की यह अमृतधारा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर गोवर्धन धारण, रासलीला, भक्त प्रह्लाद एवं ध्रुव चरित्र जैसे प्रेरणादायी प्रसंगों के साथ-साथ श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएगी। कथा का प्रत्येक प्रसंग श्रोताओं को आत्मिक शांति, वैराग्य और कृष्ण-प्रेम की अनुभूति कराएगा।
कथा स्थल पर प्रतिदिन वेद मंत्रोच्चार, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन, महाआरती एवं पुष्पवर्षा के साथ ऐसा दिव्य वातावरण निर्मित होगा, मानो वृन्दावन की पावन रज स्वयं कटनी की धरती पर अवतरित हो गई हो। यह आयोजन केवल कथा श्रवण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि श्रद्धालुओं के मन, वाणी और कर्म की शुद्धि कर जीवन को धर्ममय बनाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
इस पुण्य आयोजन के आयोजक श्री रङ्गनाथ सेवा समिति, रङ्गनाथ नगर, कटनी द्वारा समस्त श्रद्धालुजनों से सपरिवार पधारकर श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ में सहभागी बनने का सादर आमंत्रण दिया गया है। समिति का मानना है कि भागवत कथा के माध्यम से समाज में सद्भाव, सेवा, नैतिकता और संस्कारों की पुनः स्थापना होती है।
निस्संदेह, पं. श्री इन्द्रेश जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित यह श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ कटनी की पावन भूमि को भक्ति, श्रद्धा और कृष्ण-प्रेम से आलोकित करेगा तथा श्रद्धालुओं के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का नवसंचार करेगा।

