आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नगर निगम कर्मियों का चक्काजाम, अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी
आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नगर निगम कर्मियों का चक्काजाम, अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जार
कटनी। नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अतिक्रमण विरोधी दल के एक कर्मचारी के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में शुक्रवार को अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार करते हुए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई, जिससे यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ज्ञात हो कि निगम कर्मचारियों ने एक दिन पूर्व प्रशासन को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार सुबह 10 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर कर्मचारियों ने कामकाज बंद रखकर आंदोलन तेज कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार सुबह 10 बजे तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो नगर निगम कार्यालय का मुख्य द्वार नहीं खोला जाएगा तथा आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते दिनों नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दल द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान एक कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना के बाद से निगम कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








