Site icon Yashbharat.com

Ind vs Aus: टीम इंडिया के खिलाड़ियों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव

images 26

Team India Starts Outdoor Training: विराट कोहली के नेतृत्व वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद शनिवार को पहली बार सिडनी में आउटडोर ट्रेनिंग शुरू की। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों की Covid-19 टेस्ट निगेटिव आने के बाद इन खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। आईपीएल फाइनल के बाद भारतीय टीम 12 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी।

टीम इंडिया के खिलाड़ियों को 14 दिनों तक क्वारंटाइन में रहना होगा, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरान भी भारतीय क्रिकेटरों के लिए ट्रेनिंग की व्यवस्था की है। बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कई फोटोज पोस्ट किए जिनमें हार्दिक पांड्या, पृथ्वी शॉ, कुलदीप यादव, हनुमा विहारी, मोहम्मद सिराज सिडनी ओलिंपिक पार्क में स्थित ब्लेकटाउन इंटरनेशनल स्पोर्ट्स पार्क में ट्रेनिंग करते नजर आ रहे हैं। स्पिनर कुलदीप यादव, तेज गेंदबाज उमेश यादव, शार्दुल ठाकुर, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा वार्मअप करते हुए दिख रहे हैं। आउटडोर ट्रेनिंग सेशन के बाद भारतीय क्रिकेटरों ने जिम में पसीना बहाया। शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और टी नटराजन जिम में पसीना बहाते हुए नजर आए।

भारत को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 वनडे, 3 टी20 और 4 टेस्ट मैचों में हिस्सा लेना है। बायो सिक्योर बबल की वजह से तीनों फॉर्मेट की टीमें एक साथ ऑस्ट्रेलिया पहुंची है। 27 नवंबर से वनडे सीरीज शुरू होगी। इसके बाद 4 दिसंबर से टी20 सीरीज का आगाज होगा। 17 दिसंबर से डे-नाइट टेस्ट के साथ चार टेस्ट मैचों की सीरीज आरंभ होगी।

Exit mobile version