आयकर विभाग के अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका

आयकर विभाग के अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, साइलेंट हार्ट अटैक की आशंक
कटनी। आयकर विभाग के अधिकारी मानवेंद्र सिंह की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह आयकर कार्यालय के समीप स्थित कॉलोनी के गेस्ट हाउस में अकेले रह रहे थे। सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर विभागीय कर्मचारी उन्हें देखने पहुंचे। दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर अधिकारियों को सूचना दी गई। कमरे का दरवाजा खुलवाने पर मानवेंद्र सिंह बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिले। तत्काल चिकित्सक को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रात तक मित्रों से हुई थी बातचीत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मानवेंद्र सिंह बुधवार रात करीब 10 बजे तक अपने मित्रों से फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने भोजन किया और अपने कमरे में सोने चले गए। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर कर्मचारियों को चिंता हुई और उन्हें देखने के लिए कर्मचारी पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कमरे से फिलहाल ऐसी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, जिसके आधार पर मौत के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष निकाला जा सके। प्रारंभिक चिकित्सकीय अनुमान में साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
परिजनों के पहुंचने के बाद होगा पोस्टमार्टम
मृतक अधिकारी के परिजन उत्तर प्रदेश में रहते हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। परिजनों के शुक्रवार सुबह कटनी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। अधिकारी की अचानक हुई मौत से विभाग में भी शोक का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। मौत की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








