katniमध्यप्रदेश

दद्दा धाम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ: पहले दिन शिवलिंग निर्माण और महारुद्राअभिषेक, भजन गायिका संजो बघेल ने दी प्रस्तुति

दद्दा धाम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ: पहले दिन शिवलिंग निर्माण और महारुद्राअभिषेक, भजन गायिका संजो बघेल ने दी प्रस्तुत

कटनी(YASHBHARAT.COM)। झिझरी स्थित दद्दाजी धाम में आज 9 नवंबर से पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भव्य धार्मिक आयोजन शुरू हो गया है। आज पहले दिन शिवलिंग निर्माण और महारुद्राअभिषेक का कार्यक्रम संपन्न हुआ। भारी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओ ने शिवलिंग बनाये और विधि विधान से उनका अभिषेक किया। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव ने सुबह से ही धार्मिक और सामाजिक रंग धारण कर लिया था। जैसे ही प्रातःकालीन आरती की ध्वनि गूंजी, श्रद्धालु बड़ी संख्या में स्थल पर पहुंचने लगे। भोर होते ही भक्तों ने शिवलिंग निर्माण की पवित्र प्रक्रिया शुरू की, जिससे पूरा परिसर “हर हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

यश पाठक ने सपत्नीक किया शिवलिंग निर्माण और अभिषेक

युवा भाजपा नेता, समाज सेवी एवं युवा उद्योगपति यश पाठक धर्मपत्नी श्रीमती अनुकृति पाठक के साथ समारोह स्थल पर सुबह से उपस्थित रहे। उन्होंने पंडित नीरज त्रिपाठी के सानिध्य में सपत्नीक शिवलिंग निर्माण व अभिषेक किया। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में आज सुबह पूज्य बड़े भैया डॉ. अनिल शास्त्री जी ने पंडाल पहुंचकर पंडित नीरज त्रिपाठी के साथ मिलकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भक्तों से संवाद किया और आयोजन समिति द्वारा की गई तैयारियों की सराहना की।

शिवलिंग निर्माण का अवलोकन

डॉ. शास्त्री जी ने श्रद्धालुओं द्वारा किए जा रहे शिवलिंग निर्माण की गतिविधियों को देखा और इस पवित्र कार्य में जुटे भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से समाज में धार्मिक चेतना और एकता का संदेश प्रसारित हो रहा है।

भक्तों ने लिया आशीर्वाद

उनके आगमन पर पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। बड़ी संख्या में भक्तों ने डॉ. शास्त्री जी से आशीर्वाद लिया। पूरे परिसर में “जय दद्दा जी” और “हर हर महादेव” के जयघोष गूंज उठे।

भक्ति और अनुशासन का संगम

आयोजन समिति के अनुसार, जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ रहा है, श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। संपूर्ण वातावरण भक्ति, अनुशासन और श्रद्धा से ओतप्रोत दिखाई दे रहा है।

भक्ति में डूबा शहर

दद्दा जी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम धीरे-धीरे एक वृहद रूप लेता जा रहा है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो चुका है। चारों तरफ मंत्रोच्चार की ध्वनियाँ गूंज रही हैं। वातावरण पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत है।

सामाजिक एकता का प्रतीक

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भावना का संदेश भी दे रहा है। आसपास के गांवों और शहरों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।

संजो बघेल की रंगारंग प्रस्तुति ने बांधा समां

दद्दा धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में को भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मशहूर लोकगायिका संजो बघेल की भजनों की रंगारंग प्रस्तुति के साथ पंडाल तालियों की गूंज और जयघोषों से सराबोर हो उठा। संजो बघेल ने मंच पर एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। “हर हर महादेव”, “जय दद्दा जी” और “जय श्री राम” के गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। हजारों की संख्या में उपस्थित भक्त देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्ति और उल्लास से भरा रहा। मंच पर संजो बघेल ने अपनी मधुर आवाज़ और ऊर्जावान प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने भगवान दद्दा जी की महिमा पर आधारित गीतों के साथ-साथ लोकधुनों से भी माहौल जीवंत कर दिया।

आज भी व्यवस्थाओ को दुरुस्त कराने में लगे रहे दद्दा शिष्य संजय सत्येंद्र पाठक

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले दिन दद्दाजी के परम प्रभावक शिष्य, पूर्वमंत्री एवं विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने शिवलिंग निर्माण एवं अभिषेक करने के बाद पूरे समय आयोजन स्थल की व्यवस्थाओ को दुरुस्त कराने में लगे रहे।

Back to top button