वित्तीय वर्ष समाप्ति के शेष 4 दिवसों के मद्देनजर निगम प्रशासन ने प्रारंभ की वारंट वसूली की कार्यवाही,औद्योगिक क्षेत्र के व्यवसाई से जमा कराई 2 लाख रूपये से अधिक की बकाया राशि

वित्तीय वर्ष समाप्ति के शेष 4 दिवसों के मद्देनजर निगम प्रशासन ने प्रारंभ की वारंट वसूली की कार्यवाही,औद्योगिक क्षेत्र के व्यवसाई से जमा कराई 2 लाख रूपये से अधिक की बकाया राश
कटनी। बकाया करों को जमा नहीं करने पर निगम द्वारा जारी वारंट की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद बकाया कर वसूली को लेकर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति के शेष बचे 4 दिवसों में शासन द्वारा लोक अदालत की तरह प्रदान की जा रही छूट से बकायादारों को लाभान्वित करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली हेतु निगम के राजस्व अमले ने वारंट वसूली की कार्यवाही तेज कर दी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र के एक व्यवसायी के यहां कार्रवाई के दौरान शासन द्वारा प्रदाय की जाने वाली छूट का लाभ प्रदान करते हुए 2 लाख 1 हजार 473 रुपये की बकाया राशि निगम कोष में जमा कराई गई। यह कार्यवाही अन्य बकायादारों के लिए स्पष्ट संकेत मानी जा रही है कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यवाही के दौरान राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक ,राजस्व निरीक्षक मुकेश राजपूत, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित राजस्व एवं अतिक्रमण अमले के कर्मचारी मौजूद रहे।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर जमा नहीं करने वाले बड़े करदाताओं के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई से बचने के लिए समय रहते शासन द्वारा लोक अदालत की तरह प्रदाय की जा रही छूट का लाभ प्राप्त करते हुए अपने बकाया करों का भुगतान कर नगर विकास में सहयोगी बनें।








