पांच घंटे तक चली शीर्ष मैराथन बैठक में निगमायुक्त ने लोक निर्माण शाखा के वार्डवार विकास कार्यों की, की समीक्षा,सही जानकारी प्रस्तुत नहीं करने पर तीन लिपिकों की रुकी वेतन वृद्ध
विकास कार्यों में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर करें नोटिस से लेकर ब्लैकलिस्ट तक की कार्रवाई – निगमायुक्त तपस्या परिहार
कटनी। शासन की मंशा के अनुरूप सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और वार्डों में संचालित विकास कार्यों की अद्यतन एवं सटीक जानकारी के साथ ही बैठक में उपस्थित हो। निर्माण कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी अथवा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उक्ताशय के कड़े निर्देश निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शनिवार को निगम कार्यालय में आयोजित लोक निर्माण शाखा के वार्डवार विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दिए।
बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, जायेंद्र प्रताप सिंह बघेल, शैलेन्द्र प्यासी, राज ललित गुमास्ता, हिमांशु गौतम, कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल सहित सभी समयपाल एवं लिपिकों की मौजूदगी रही।
तीन कर्मचारियों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश
लगभग पांच घंटे देर शाम तक चली मैराथन समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने वार्डवार स्वीकृत, प्रगतिरत एवं लंबित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और प्रत्येक कार्य की वास्तविक अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। बैठक में सही एवं अद्यतन जानकारी का पत्रक प्रस्तुत नहीं करने पर लोक निर्माण शाखा के तीन लिपिकों क्रमशः श्री सुखदेव दुबे, श्रीमती नीलिमा झा एवं विलासा चौबे पर नाराजगी व्यक्त की जाकर एक एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, गलत जानकारी और जिम्मेदारियों के प्रति उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
नोटिस एवं ब्लैकलिस्ट की कार्यवाही करें प्रस्तावित
समीक्षा के दौरान विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब पाए जाने तथा अनुबंध एवं भूमिपूजन की कार्यवाही के पश्चात भी कार्य प्रारंभ नहीं करने के प्रकरणों में निगमायुक्त द्वारा गहन नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है अथवा लापरवाही बरती जा रही है, उनके विरुद्ध नियमानुसार तत्काल नोटिस जारी कर कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाए।
अधिकारी विभागीय कार्यों का करें रिव्यू
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभागीय कार्यों एवं गतिविधियों का रोजाना रिव्यू करें ताकि विकास कार्यों से संबंधित जानकारी व्यवस्थित एवं अद्यतन रूप से संधारित हो सके, उपयंत्री यदि मैदानी स्तर पर विकास कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करेंगे तो समस्याओं का समय रहते निराकरण सुनिश्चित हो सकेगा और विकास कार्यों में भी गति आएगी। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि प्रत्येक फाइल ई ऑफिस के माध्यम से ही ऑनलाइन चलाई जाए, शासन, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के पत्रों का अलग अलग रजिस्टर संधारित किया जाए।
टी एल बैठक में प्रस्तुत करें अद्यतन जानकारी
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने अधिकारियों को विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी शीघ्र पूर्ण कर समय-सीमा की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं समय सीमा के लंबित प्रकरणों पर भी नियमानुसार कार्यवाही पूर्ण कर जानकारी पोर्टल में दर्ज करने हेतु लोक निर्माण शाखा के अधिकारी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया।
निगमायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों का सीधा संबंध नागरिकों की सुविधाओं और नगर के विकास से जुड़ा है। इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












