katniLatestमध्यप्रदेश

विधायक द्वय संजय पाठक, प्रणय पांडे की उपस्थिति में रीठी जनपद पंचायत नई अध्यक्ष श्यामाबाई ने संभाली जिम्मेदारी, विकास के नए द्वार खुलने का संकल्प

कटनी/रीठी। जनपद पंचायत रीठी में आज नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती श्यामाबाई ने विधिवत शपथ लेकर अपने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, विधायक संजय पाठक के रीठी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया।

राजनीतिक दृष्टि से अहम रही जीत

गौरतलब है कि रीठी जनपद पंचायत अध्यक्ष की यह सीट रिक्त होने के बाद हुए चुनाव में श्रीमती श्यामाबाई ने जीत दर्ज की। इस जीत को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस ने भी मजबूत दावा पेश किया था। ऐसे में भाजपा समर्थित उम्मीदवार की यह जीत रणनीतिक सफलता के रूप में देखी जा रही है।

जनसेवा के संकल्प के साथ संभाली जिम्मेदारी

शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती श्यामाबाई को जनसेवा की इस नई जिम्मेदारी के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों ने शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया गया, जिससे समारोह का सामाजिक महत्व और बढ़ गया।

विकास को लेकर दिए गए बड़े संकेत

इस अवसर पर विधायक संजय पाठक और प्रणय प्रभात पांडेय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह नई टीम क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि रीठी क्षेत्र में अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। नेताओं ने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और जनपद पंचायत को विकास का मॉडल बनाया जाएगा।

उत्सव और उम्मीदों के बीच नई शुरुआत

समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र के विकास के लिए नई शुरुआत बताते हुए उम्मीद जताई कि नई अध्यक्ष के नेतृत्व में रीठी जनपद पंचायत में तेजी से विकास कार्य आगे बढ़ेंगे।

Back to top button