समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त ने की विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा,लंबित प्रकरणों के निराकरण में गंभीरता बरतने अधिकारियों को दिए निर्देश

समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त ने की विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा,लंबित प्रकरणों के निराकरण में गंभीरता बरतने अधिकारियों को दिए निर्देश
कटनी – नगर निगम कार्यालय में सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नगर विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन, महापौर जनसुनवाई, समय-सीमा के चिन्हित पत्रों एवं न्यायालयीन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े प्रत्येक कार्य का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। बैठक में उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता एवं श्रीमती प्रियंका झारिया सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
नामांतरण प्रकरण दर्ज करें ऑनलाइन
निगमायुक्त ने नामांतरण प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन एवं अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्राप्त प्रकरणो को ऑनलाइन दर्ज करने की कार्यवाही प्रारंभ करने तथा कर्मचारियों के लिए द्वितीय प्रशिक्षण शीघ्र आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को सरल, त्वरित एवं पारदर्शी सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है। निगमायुक्त ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान राजस्व अमले को वसूली अभियान में और अधिक तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि 31 जुलाई तक संपत्ति कर पर उपलब्ध 5 प्रतिशत की अग्रिम छूट का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकाधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठाकर समय पर कर जमा करें।
अनाधिकृत कॉलोनी विकास एवं फायर सेफ्टी पर हो प्रभावी नियंत्रण
बैठक के दौरान मध्यप्रदेश कॉलोनी विकास नियमों के अंतर्गत नियमित की गई कॉलोनियों से निगम कोष में जमा कराई गई विकास शुल्क की समीक्षा की गई। इस संबंध में कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने जानकारी दी कि विकास शुल्क की वसूली की कार्यवाही निरंतर जारी है तथा अब तक 09 अवैध कॉलोनाइजरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। साथ ही चिन्हित नई अनाधिकृत कॉलोनियों में अवैध निर्माण कार्यों को रोकने की कार्रवाई भी की जा रही है। इस पर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि अवैध कॉलोनाइजरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई में और अधिक तेजी लाई जाए, ताकि अनधिकृत कॉलोनी विकास पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। विकास शुल्क की राशि जमा कराने हेतु नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रख जोन कार्यालयों में शिविर का आयोजन करनें की बात भी निगमायुक्त ने बैठक के दौरान कही। आपदा प्रबंधन हेतु गठित दल द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में की जा रही जांच में गति लाते हुए जन सुरक्षा के मद्देनजर फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग संस्थानों, होटल, लॉज, मैरिज गार्ड एवं प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर विधि सम्मत कार्यवाही करने के निर्देश भी निगमायुक्त ने दिए।
सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था रखें दुरुस्त
नगर में स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से किए जा रहे दैनिक कार्यों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु के मद्देनजर जलभराव की संभावित क्षेत्रों का प्रतिदिन निरीक्षण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जल निकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले चोक प्वाइंट्स की प्राथमिकता के आधार पर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सभी कार्यवाही समयबद्ध रूप से की जाए। निगमायुक्त ने मुख्य मार्गो की सुचारू सफाई व्यवस्था हेतु रेल्वे स्टेशन मार्ग पर पंचमुखी हनुमान जी के मंदिर के पास बड़े डस्टबिन रखवाने तथा जगन्नाथ स्वामी रथ यात्रा के दौरान सफाई व्यवस्था पर विशेष घ्यान देने तथा पानी के पाउच का उपयोग न करने हेतु ट्रस्ट के सदस्यों के साथ चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही करनें के निर्देश स्वास्थय अधिकारी को दिए।
जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के अंतर्गत 15 हजार, 25 हजार एवं 50 हजार रुपये के ऋण प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने प्राप्त आवेदन, स्वीकृत, अस्वीकृत, बैंकों से वापस लौटे एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। क्रेडिट कार्ड एवं प्रकरणों के निराकरण की साप्ताहिक प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर एनयूएलएम के प्रभारी श्री यश रजक को कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी। वहीं संबल योजना एवं समग्र ई-केवाईसी के लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
समय-सीमा के पत्रों पर करें त्वरित कार्यवाही
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने विभागवार समय-सीमा के पत्रों की समीक्षा करते हुए प्रतिवेदन समय पर अपडेट नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को लंबित प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई कर प्रतिवेदन दर्ज करने के निर्देश दिए। सामाजिक सुरक्षा एवं वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के डीएलसी कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्य को गति प्रदान कर 31 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इन प्रकरणों की भी हुई समीक्षा
निगमायुक्त ने बैठक के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यो,मानसून के दौरान नगरीय क्षेत्र के विभिन्न स्थलों में किए जाने वाले पौधारोपण की तैयारी, नगर में की जाने वाली दैनिक जल आपूर्ति व्यवस्था, स्वच्छ भारत मिशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, ई ऑफिस संचालन, अधिकारी एवं कर्मचारियों की पदोन्नति हेतु विभागीय कार्यवाही सहित ई.ई लोक निर्माण विभाग के साथ मिलकर जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग निर्माण की शेष कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही का साप्ताहिक प्लान तैयार करनें, लंबित विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने, सामुदायिक भवन, मंच आदि नवीन निर्माण कार्य के दौरान रैंप आवश्यक रूप से बनाने, निगम के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर तय समय सीमा में कार्यवाही करने, नवीन चौपाटी एवं कार्यालय कलेक्ट्रेट के सामने स्थित कॉम्प्लेक्स की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करानें के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, अनिल जायसवाल, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, जे.पी.सिंह बघेल, संजय मिश्रा, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, हिमांशु गौतम, राज ललित गुमास्ता, रवि हनोते, कार्यालय अधीक्षक नागेन्द्र पटेल, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, विधि प्रभारी, योजना प्रभारी सहित अन्य शाखा प्रमुखों की मौजूदगी रही।








