Thursday, May 21, 2026
Latest:
Latest

चनपुरा गांव में कोटवार की पीट-पीटकर हत्या, नाती से जुड़े विवाद में हुई वारदात, दो आरोपी हिरासत में 

चनपुरा गांव में कोटवार की पीट-पीटकर हत्या, नाती से जुड़े विवाद में हुई वारदात, दो आरोपी हिरासत में

कटनी। बाकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चनपुरा में 29 अगस्त की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात घटी। यहां गांव के 60 वर्षीय कोटवार सीताराम वंशकार की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात स्थल गांव का आंगनबाड़ी आरोग्य केंद्र रहा, जहां आरोपियों ने वृद्ध को इतनी निर्दयता से मारा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी 30 अगस्त की सुबह पुलिस को मिली। जांच उपरांत 31 अगस्त को बाकल थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस और ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक, इस हत्या के पीछे मृतक कोटवार के 18 वर्षीय नाती जीवन वंशकार से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। कुछ दिन पूर्व जीवन गांव की एक महिला के साथ लापता हो गया था, जिससे गांव में विवाद की स्थिति बनी। इसी मुद्दे पर 29 अगस्त की रात कुछ लोगों ने वृद्ध कोटवार सीताराम से पूछताछ की कोशिश की। पूछताछ के दौरान बात बिगड़ गई और यह विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर सीताराम को बुरी तरह घायल कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी पसलियां टूट गईं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

हमले के बाद आरोपी शव को आंगनबाड़ी केंद्र में छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने अगले दिन सुबह पुलिस को जानकारी दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए बाकल थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और जल्द ही हत्या के पीछे के पूरे कारणों और परिस्थितियों का खुलासा कर दिया जाएगा।

गांव के लोग मृतक कोटवार सीताराम को एक शांत, सभ्य और मददगार स्वभाव का व्यक्ति बताते हैं। वह अपने नाती जीवन वंशकार के साथ गांव में रहते थे। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और गांव के लोग गहरी दहशत व आक्रोश में हैं।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि