katniमध्यप्रदेश

आईजी ने लिया घटनास्थल का जायजा, पुलिस को दिए बदमाशों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश, एटीएम काउंटर से 11 लाख कैश से भरी एटीएम मशीन उखाड़ कर ले जाने का मामला

आईजी ने लिया घटनास्थल का जायजा, पुलिस को दिए बदमाशों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश, एटीएम काउंटर से 11 लाख कैश से भरी एटीएम मशीन उखाड़ कर ले जाने का मामल

कटनी(YASHBHARAT.COM)। माधवनगर गेट के ठीक सामने स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम काउंटर से एटीएम मशीन उखाड़ कर ले जाने वाली घटना को संभाग के पुलिस अधिकारियों ने भी गंभीरता से लिया है। आज दोपहर जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा कटनी पहुंच कर घटनास्थल के बारिकी से जायजा लिया और इसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को वारदात में शामिल बदमाशों की पतासाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गौरतलब है कि माधवनगर थाने से चंद कदमों की दूरी पर शहर में चोरी की एक बड़ी और हैरान करने वाली वारदात ने जिले की पुलिसिया सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। माधवनगर गेट के सामने स्थित जीवन ज्योति अस्पताल के पास व बंधन बैंक के बाजू में स्थापित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम को चोरों ने देर रात उखाडक़र पूरी मशीन सहित गायब कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मीडिया को बताया कि एटीएम में 11 लाख के लगभग कैश था। जिसे बदमाश एटीएम मशीन सहित उखाड़ कर ले गए हैं। सूत्रों के अनुसार चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ मशीन को उसके बेस से अलग किया और मौके से ले उड़े। सुबह घटना का खुलासा होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बहरहाल अब यह वारदात पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। देखना है कि वारदात को सुलझाने में कितने दिन लगते हैं क्योंकि चोरी की वारदातों का खुलासा करने में कटनी पुलिस का रिकार्ड कुछ कमजोर है। उधर जबलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्रीवर्मा से निर्देश मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस की अलग-अलग टीमें वारदात में शामिल आरोपियों की पतासाजी करते हुए उनको गिरफ्तार करने में जुट गई हैं। बदमाशों की पतासाजी के लिए पुलिस घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

Back to top button