भारत-पाक मैच रद्द हुआ तो पाकिस्तान से वसूले जाएंगे 2288 करोड़, आईसीसी की सख्त चेतावनी

नई दिल्ली(YASHBHARAT.COM)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के आगामी टूर्नामेंट्स को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। खेल विशेषज्ञों और वित्तीय विश्लेषकों के अनुसार, यदि पाकिस्तान की हठधर्मिता के कारण भारत-पाक मुकाबला रद्द होता है, तो इससे होने वाले 25 करोड़ डॉलर (करीब 2288 करोड़ रुपये) के भारी-भरकम राजस्व की भरपाई सीधे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से की जाएगी।
दुनिया का सबसे महंगा मुकाबला
किसी भी आईसीसी इवेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मैच सबसे बड़ा आकर्षण होता है। विज्ञापन और ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के जरिए यह मैच आईसीसी के लिए आय का मुख्य स्रोत है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस एक मैच से जितना राजस्व पैदा होता है, वह कई छोटे देशों के क्रिकेट बोर्ड के सालाना बजट से भी ज्यादा है।
पाकिस्तान पर आर्थिक गाज गिरना तय
मौजूदा आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए यह खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं है। यदि वह सुरक्षा कारणों या हाइब्रिड मॉडल का विरोध करते हुए मैच खेलने से इनकार करता है, तो आईसीसी के नियमों के तहत उस पर न केवल जुर्माना लगेगा, बल्कि ब्रॉडकास्टर्स को होने वाले नुकसान की राशि भी उसी के खाते से काटी जाएगी।








