Latest

IRCTC का ऐतिहासिक नया रिकॉर्ड: एक ही दिन में बुक हुए 20 लाख से ज्यादा ट्रेन टिकट; आधार वेरिफिकेशन और एंटी-बॉट तकनीक से मिली रफ्तार

IRCTC का ऐतिहासिक नया रिकॉर्ड: एक ही दिन में बुक हुए 20 लाख से ज्यादा ट्रेन टिकट; आधार वेरिफिकेशन और एंटी-बॉट तकनीक से मिली रफ्तार

नई दिल्ली (यशभारत डॉट कॉम)। भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा आईआरसीटीसी (IRCTC) ने एक नया इतिहास रच दिया है। आगामी त्योहारों के सीजन में एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के तहत बुकिंग बढ़ने से 7 सितंबर 2026 को रिकॉर्ड 20,06,353 टिकटों की बुकिंग की गई, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। इसके अगले ही दिन 8 सितंबर को भी लगभग 19.50 लाख टिकट बुक किए गए। इस उपलब्धि के साथ IRCTC ने पिछले साल दर्ज हुए 18.40 लाख टिकट बुकिंग के अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

89% आरक्षित टिकट अब ऑनलाइन

IRCTC के आंकड़ों के अनुसार, अब देश में कुल आरक्षित (Reserved) टिकटों में से केवल 11 प्रतिशत टिकट ही काउंटर से ऑफलाइन खरीदे जा रहे हैं, जबकि 89 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से बुक हो रहे हैं।

नए सर्वर और NGet Refresh से दोगुनी हुई क्षमता

सिस्टम को लगातार तेज और मजबूत बनाने के लिए पुराने सर्वर को हटाकर नए सर्वर स्थापित किए गए हैं। ‘NGet Refresh’ तकनीक लागू होने से बुकिंग क्षमता दोगुनी हो गई है। साथ ही, जुलाई 2026 से लागू नए बीटा इंटरफेस से यात्रियों को स्लीपर, AC-3 और AC-2 श्रेणियों की सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर देखने की सुविधा मिल रही है।

बॉट (BOT) ट्रैफिक 65% तक घटा, फर्जी यूजर ID पर कड़ा एक्शन

टिकट दलाली और फर्जी बुकिंग रोकने के लिए एंटी-बॉट (Anti-BOT) और CDN जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे बॉट ट्रैफिक में 55 से 65 प्रतिशत तक की कमी आई है। इसके अलावा फर्जी आईडी और टिकट कालाबाजारी पर नकेल कसते हुए:

  • 3.04 करोड़ फर्जी यूजर ID बंद की जा चुकी हैं।

  • 6.33 करोड़ यूजर ID को पुनः सत्यापन (Re-validation) के लिए भेजा गया है।

  • 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन ब्लॉक किए गए हैं।

एजेंट बुकिंग और आधार वेरिफिकेशन के सख्त नियम

IRCTC ने अधिकृत एजेंटों (YTSK, RTSA आदि) के लिए सुबह 8:00 से 8:10 बजे के बीच ARP टिकट बुकिंग पर रोक लगा दी है। इसके अलावा, बुकिंग विंडो खुलते ही टिकट बुक करने के लिए यूजर का आधार वेरिफाइड (Aadhaar Verified) होना अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना काफी आसान हो गया है।

Back to top button