बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का तूफान: 2 करोड़ के बजट वाली फिल्म ने पार किया 200 करोड़ का आंकड़ा, बड़ी फिल्मों को पछाड़ा
बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का तूफान: 2 करोड़ के बजट वाली फिल्म ने पार किया 200 करोड़ का आंकड़ा, बड़ी फिल्मों को पछाड़ा
नई दिल्ली (यशभारत डॉट कॉम)। नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित स्पिरिचुअल ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान रच रही है। महज़ 2 करोड़ रुपये की मामूली लागत में बनी इस फिल्म ने भारतीय और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है। अक्षय कुमार की ‘हैवान’ और मनोज बाजपेयी की ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ जैसी बड़ी फिल्मों के रिलीज होने के बावजूद दर्शकों में ‘हनुमान अंश’ को लेकर जबरदस्त क्रेज बना हुआ है।
36वें दिन भी शानदार कमाई, 10.50 करोड़ का कारोबार
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अपनी रिलीज के 36वें दिन (शुक्रवार, 11 सितंबर) देश भर के 5,743 शो में 10.50 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की और 38% की ऑक्यूपेंसी दर्ज कराई। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 205.15 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 173.63 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। ‘हनुमान अंश’ का शुक्रवार का कलेक्शन पिछले हफ्ते रिलीज हुई फिल्म ‘मिर्जापुर’ की शुक्रवार की कमाई से भी अधिक रहा।
धीमी शुरुआत से ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर बनने का सफर
फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर किसी चमत्कार से कम नहीं रहा है। पहले दिन ‘हनुमान अंश’ ने महज 10 लाख रुपये का कारोबार किया था और शुरुआती दो हफ्तों में यह सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये ही कमा सकी थी। हालांकि, दर्शकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया और माउथ-पब्लिसिटी के चलते 16वें दिन के बाद फिल्म की कमाई में अप्रत्याशित उछाल आया:
-
चौथा हफ्ता: 61 करोड़ रुपये
-
पांचवां हफ्ता: 90 करोड़ रुपये
-
छठा वीकेंड (36वां दिन): 10.50 करोड़ रुपये
बड़ी फिल्में पड़ीं फीकी, विदेशों में भी डंका
‘हनुमान अंश’ के तूफान के आगे हाल ही में रिलीज हुई अन्य फिल्में काफी पिछड़ती दिख रही हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी अक्षय कुमार स्टारर ‘हैवान’ अपने पहले दिन 7,224 शो के बावजूद केवल 3 करोड़ रुपये ही कमा सकी। वहीं मनोज बाजपेयी की समीक्षात्मक रूप से सराही गई फिल्म ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ ने शुक्रवार को मात्र 3 लाख रुपये का कारोबार किया।
ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म अपनी छाप छोड़ रही है। 11 सितंबर को विदेश में रिलीज हुई इस फिल्म ने अकेले नॉर्थ अमेरिका में प्री-सेल्स से लगभग 95 लाख रुपये का शानदार बिजनेस कर लिया है।







