गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य वाहन रैली, जयकारों से गूंजा कटनी, रैली का विश्राम बाबा में लॉरेंस लाइन गुरुद्वारा कमेटी ने किया आत्मीय स्वागत, 24 नवंबर को मनेगा प्रकाश पर्
कटनी। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर शहर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में शुक्रवार को श्री गुरु सिंह सभा बरही रोड के तत्वावधान में भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली में सिख समाज के साथ अन्य समाजों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। वाहनों पर सवार श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे गुरु नानक देव जी के जयकारों से शहर के प्रमुख मार्ग भक्तिमय हो उठे।
वाहन रैली का शुभारंभ बरही रोड स्थित गुरुद्वारे से हुआ। यहां से रैली घंटाघर, चांडक चौक, मिशन चौक, बरगवां और माधवनगर गेट होते हुए विश्राम बाबा पहुंची। यहां लॉरेंस लाइन गुरुद्वारा कमेटी की ओर से रैली में शामिल श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रम के पश्चात वाहन रैली माधवनगर सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः बरही रोड स्थित गुरुद्वारे पहुंची, जहां धार्मिक उत्साह के बीच रैली का समापन हुआ।
24 नवंबर को मनेगा गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व
समाजसेवी लकी ग्रोवर ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारों में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रकाश पर्व को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह है और आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
29 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन
धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 29 नवंबर को विश्राम बाबा स्थित लॉरेंस लाइन गुरुद्वारा में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रमों में सहभागिता की अपील करते हुए गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता और मानवता के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया है।












