सिंधु नौजवान मंडल के तत्वाधान में झूलेलाल जन्मोत्सव पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन
सिंधु नौजवान मंडल के तत्वाधान में झूलेलाल जन्मोत्सव पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोज
कटनी। सिंधी समाज की अग्रणी संस्था सिंधु नौजवान मंडल के तत्वाधान में भगवान श्री झूलेलाल के पावन जन्मोत्सव चेट्रीचंड्र महोत्सव के अवसर पर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन सिंधु झूलेलाल मंगलम के पास चड्ढा कॉलेज कैंपस में भव्य रूप से किया गया।
कार्यक्रमों की श्रृंखला 15 से 18 मार्च तक आयोजित हुई, जिसकी शुरुआत प्रतिदिन भगवान श्री झूलेलाल साईं की आरती से की गई।15 मार्च को आयोजित सिंधी फैमिली वॉकाथन 2.0 (पैदल मार्च) में समाज के सभी वर्गों ने सनातन थीम वेशभूषा में भाग लेकर सामाजिक एकता की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की।
16 मार्च को प्रसिद्ध सूफी गायक कासम कव्वाल ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया।
17 मार्च को आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों के साथ विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान गणेश वंदना, चार युगों पर आधारित प्रस्तुति एवं पहलगाम हमले पर विशेष प्रस्तुति सहित सांस्कृतिक संगीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
आज शाम 18 मार्च को नागोद से आईं प्रसिद्ध गायिका रितुका सुंदरानी एवं अमन सुंदरानी द्वारा भजन संध्या की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी,कार्यक्रम के दौरान अतिथि के रूप में पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंदूलाल जादवानी, सिंधु सेवा समिति के अध्यक्ष राजकुमार नानकानी, माधव नगर पूज्य पंचायत के अध्यक्ष वीरेंद्र तीर्थानी,उद्योगपति मनीष गेई, वरूण संस्था अध्यक्ष राजकुमार रोहरा,प्रकाश आहूजा,निरंजन पंजवानी,चीनी चेलानी,एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया,एसडीएम कटनी,थाना प्रभारी कटनी राखी पांडे एवं पार्षद मौसूफ बिट्टू,राजकुमार तनवानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में मोना पुरुस्वानी, कशिश रोहरा,निकिता टहलानी,सिल्की वाधवानी एवं खुशी टिलवानी ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मंच संचालन गोविंद सचदेवा एवं नीलम जगवानी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों का मंडल पदाधिकारी एवं सदस्यों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं दुशाला भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।
सभी कार्यक्रमों में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और जनसमूह का उत्साह देखते ही बनता था।
19 मार्च को सिंधु झूलेलाल मंगलम, नई बस्ती में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
20 मार्च को भव्य शाही शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो भगवान श्री झूलेलाल मंदिर, गुरुनानक वार्ड से सायं 5 बजे प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मसुरहा घाट में सम्पन्न होगी।
शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण जीवंत झांकियां, खाटू श्याम जी रथ एवं बैंजो बैंड रहेंगे।
अंत में सिंधु नौजवान मंडल अध्यक्ष संजय जीवनानी, सचिव सुनील प्रथ्यानी एवं समस्त सदस्यों द्वारा समस्त धर्मप्रेमी जनता से आग्रह किया गया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आगामी कार्यक्रमों एवं शोभायात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।








