दो शातिर बदमाश रेल पुलिस की गिरफ्त में, साढ़े 6 लाख का सामान बरामद

कटनी(YASHBHARAT.COM)। रेल पुलिस को ट्रेनों और रेलवे परिसरों में यात्रियों के सामान पार करने वाले दो शातिर बदमाशों को पकडऩे में सफलता मिली है। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने चोरी की कुछ वारदातों से पर्दा उठाया है। जिसके बाद रेल पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर लगभग 6 लाख 42 हजार 500 रुपये का सामान बरामद किया है। रेल पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रेलवे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान रेल पुलिस को एक पुराने मामले में अमित सिंह रघवार और शरद उर्फ गोलू झारिया को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। रेल पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने पूछताछ में चोरी कुछ वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। जिसके बाद आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल, अलग-अलग कंपनियों के पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है। जीआरपी के अनुसार बरामद किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 42 हजार 500 रुपये है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है।








