ईद मीलादुन्नबी जुलूस के पश्चात चला विशेष सफाई अभियान,आयोजन स्थलों एवं जुलूस मार्गों की विशेष सफाई हेतु निगम अमले ने संभाली कमान

ईद मीलादुन्नबी जुलूस के पश्चात चला विशेष सफाई अभियान,आयोजन स्थलों एवं जुलूस मार्गों की विशेष सफाई हेतु निगम अमले ने संभाली कमा
कटनी। ईद मीलादुन्नबी पर्व के अवसर पर नगर में स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। पर्व के दौरान निकाले गए जुलूस के समापन के पश्चात निगम के स्वच्छता अमले ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जुलूस मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं आयोजन स्थलों पर विशेष सफाई कराई।
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों की टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य कराया गया। जुलूस मार्गों पर बिखरे कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को तत्काल एकत्रित कर हटाया गया तथा संकलित कचरे को नियमानुसार प्लांट भेजा गया। निगम अमले की तत्परता से जुलूस के बाद मार्गों की स्वच्छता व्यवस्था को शीघ्र व्यवस्थित किया गया, जिससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
पर्व से पहले भी रही व्यवस्थाओं पर विशेष नजर
ईद मीलादुन्नबी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा जुलूस के आयोजन से पूर्व ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई थीं। स्वच्छता, कचरा संग्रहण एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों, वाहनों एवं आवश्यक संसाधनों की तैनाती की गई थी। विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी दायित्व सौंपकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की गई।
निगम प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही जुलूस के पश्चात मार्गों की त्वरित सफाई पर विशेष जोर दिया गया, ताकि धार्मिक आयोजन के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था पूर्ववत बनी रहे। व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने में क्षेत्रीय वार्ड दरोगा आरिफ खान, अतुल गुप्ता धीरज निषाद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से सार्वजनिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की है।








