राममनोहर लोहिया वार्ड में 54.47 लाख के विकास कार्यों की रखी आधारशिला,कुशवाहा नगर और हरिजन बस्ती में होगा नाली-नाला निर्माण, जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत

Picsart 26 11 26 14 25 37 349

 

राममनोहर लोहिया वार्ड में 54.47 लाख के विकास कार्यों की रखी आधारशिला,कुशवाहा नगर और हरिजन बस्ती में होगा नाली-नाला निर्माण, जलभराव की समस्या से मिलेगी राह

कटनी। नगर के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राममनोहर लोहिया वार्ड में 54.47 लाख रुपये की लागत से होने वाले दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। क्षेत्रीय पार्षद उमेद्र अहिरवार एवं स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में विधि-विधान से आधारशिला रखी गई।

इन निर्माण कार्यों के अंतर्गत कुशवाहा नगर में 25.34 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा, वहीं हरिजन बस्ती में 29.13 लाख रुपये की लागत से पक्के नाले का निर्माण होगा। दोनों कार्यों पर कुल 54.47 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य पूरे होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से रहवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता और व्यवस्थित वातावरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। नाली और नाला निर्माण जैसे कार्य आम नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं से सीधे जुड़े हैं। नगर निगम का प्रयास है कि विकास का लाभ शहर के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़ें-  अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के विरोध में उतरे नगर निगम कर्मचारी, कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा की उठाई मांग,अतिक्रमण कार्रवाई से शुरू हुआ विवाद गहराया, अब आमने-सामने आए अधिवक्ता और निगमकर्मी; शहर की व्यवस्थाओं पर पड़ने लगा असर

क्षेत्रीय पार्षद उमेद्र अहिरवार ने कहा कि वार्ड की जरूरतों और नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। महापौर के सहयोग और नगर निगम प्रशासन के समन्वय से वार्ड में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उनका प्रयास है कि वार्ड के प्रत्येक क्षेत्र में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, पार्षद शकुंतला सोनी एवं सीमा श्रीवास्तव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। निर्माण कार्यों की शुरुआत पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता जताते हुए महापौर एवं क्षेत्रीय पार्षद के प्रति आभार व्यक्त किया।

हमारे आदर्श
हमारे आदर्श हमारे आदर्श