Latestमध्यप्रदेश

पहले फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन रस्सी टूट जाने के बाद उसने ग्राइंडर मशीन से गला काट लिया, गंभीर रूप से घायल

छिंदवाड़ा। शहर के बरारीपुरा क्षेत्र में शनिवार तड़के एक युवक द्वारा खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। युवक ने पहले फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन रस्सी टूट जाने के बाद उसने ग्राइंडर मशीन से खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। परिजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने नागपुर रेफर कर दिया।

कोतवाली थाना निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 5 बजे युवक के भाई सोनू वर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी। घायल युवक की पहचान मोनू वर्मा के रूप में हुई है, जो भवन निर्माण और काश्तकारी से जुड़े व्यवसाय में कार्यरत है।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोनू पिछले तीन दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। देर रात घर के भीतर से तेज आवाजें सुनाई देने पर परिजन उसके कमरे की ओर गए, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ देर बाद फिर आवाज आने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां मोनू खून से लथपथ और अचेत अवस्था में मिला।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवक ने पहले फांसी लगाने का प्रयास किया था, लेकिन असफल रहने पर उसने खुद को घायल कर लिया। परिजनों ने बताया कि फिलहाल उसकी परेशानी के कारणों को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के इलाज के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Back to top button