रीवा के संजय गांधी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में आग, नवजात की मौत

रीवा शहर में स्थित संजय गांधी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में रविवार दोपहर अचानक आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में एक नवजात की मौत होने की बात कही जा रही है। आग लगते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों के परिजन बाहर की ओर भागने लगे। कर्मचारियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी और एहतियातन संबंधित वार्ड खाली करवाए गए।
वहीं संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि नवजात मृत अवस्था में पैदा हुआ था। उनके अनुसार, मृत बच्चे को पॉलिथीन में रखा जा रहा था, तभी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस घटना में नवजात का शव झुलस गया। अस्पताल प्रशासन ने किसी भी प्रकार की जनहानि से इनकार किया है।
घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन और मृतक नवजात के स्वजनों के बयान अलग-अलग हैं। गोविंदगढ़ निवासी कंचन साकेत (25) को प्रसव पीड़ा के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कंचन के देवर केदार साकेत का आरोप है कि रविवार दोपहर कंचन ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन इसी दौरान ऑपरेशन थिएटर में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से नवजात की मौत हो गई।








