Friday, May 1, 2026
Latest:
katniमध्यप्रदेश

जिला पंचायत कार्यालय परिसर के बाहर इलेक्ट्रिक पोल में शॉर्ट सर्किट, सूखे कचरे में लगी आग पर दमकल ने पाया काबू

जिला पंचायत कार्यालय परिसर के बाहर इलेक्ट्रिक पोल में शॉर्ट सर्किट, सूखे कचरे में लगी आग पर दमकल ने पाया काब

 

कटनी। जिला पंचायत कार्यालय परिसर के बाहर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक इलेक्ट्रिक पोल में लगे सप्लाई तार में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से तेज स्पार्किंग शुरू हो गई। स्पार्किंग के दौरान निकली चिंगारियां नीचे पड़े सूखे कचरे पर गिर गईं, जिससे आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया।

 

आग की लपटें उठते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए बढ़ती आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया और आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने तत्काल विद्युत सप्लाई बंद कर इलेक्ट्रिक पोल और क्षतिग्रस्त तारों के सुधार कार्य शुरू कर दिया। फिलहाल विद्युत विभाग द्वारा पोल की तकनीकी जांच के साथ मरम्मत कार्य किया जा रहा है।

 

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी इसी इलेक्ट्रिक पोल के पास स्पार्किंग की घटना हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से पोल और तारों की स्थायी मरम्मत कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि