इंजीनियरिंग कॉलेज की महिला अतिथि विद्वानों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को राखी भेजकर पूछा क्या हम लाडली बहना नही?
जबलपुर। लाडली बहना योजना का लाभ दें: इंजीनियरिंग कॉलेज की महिला अतिथि विद्वानों की मुख्यमंत्री से अपील की है। मध्य प्रदेश के जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज की महिला अतिथि विद्वानों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को राखी और पत्र भेजकर अपनी पीड़ा व्यक्त की है। उन्होंने पूछा है कि क्या वे लाडली बहना नहीं हैं?
महिलाओं का कहना है कि लाडली बहना योजना के तहत प्रदेश भर की पंजीकृत बहनों को मोहन सरकार राखी के शगुन के रूप में 250/- रुपए अतिरिक्त दे रही है, जो निर्णय अति स्वागत योग्य है। लेकिन दूसरी ओर, तकनीकी शिक्षा विभाग में कार्यरत लगभग 500 महिला अतिथि व्याख्याताओं का रक्षाबंधन के दिन का 2000/- रुपए वेतन काटा जा रहा है। होली हो या दिवाली, सरकारी अवकाशों का भी वेतन काट लिया जाता है। यहां तक कि मातृत्व अवकाश तक का कोई भी वेतन नहीं मिलता।
महिलाओं की अपील है कि सरकार उनके साथ हो रहे सौतेले व्यवहार को खत्म करें और उनको भी रक्षाबंधन के दिन का वेतन प्रदान करें, जिससे ये बहनें भी अपना रक्षाबंधन मना सकें।

