कलेक्टर तिवारी के नाम से चलाया जा रहा फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, जनता से सतर्क रहने की अपील
कलेक्टर तिवारी के नाम से चलाया जा रहा फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, जनता से सतर्क रहने की अपील
कटनी। कलेक्टर तिवारी के नाम से चलाया जा रहा फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, जनता से सतर्क रहने की अपील।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नाम से एक फर्जी अकाउंट सक्रिय है। इस पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की प्रोफाइल फोटो लगाई गई है। जो अवैध और गैर-कानूनी है।
कटनी कलेक्टर श्री तिवारी के इस फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट के माध्यम से लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में कलेक्टर श्री तिवारी ने रविवार को ही पुलिस को सूचना दे दी है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट से जनता को सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। कलेक्टर श्री तिवारी ने बताया कि मेरे नाम और फोटो का दुरुपयोग करते हुए किसी ने वियतनाम के फोन नंबर +84899456817 द्वारा व्हाट्सएप बिजनेस का फर्जी अकाउंट बनाया है और इसके माध्यम से ठगी की भी कोशिश की जा सकती है।
आम जनता को धोखाधड़ी से बचाने के लिए कलेक्टर श्री तिवारी ने लोगों से अपील की है कि इस फर्जी अकाउंट से सावधान रहें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन में शामिल न हों।
फर्जी आईडी बनाना एक गंभीर अपराध
फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाना एक गंभीर अपराध है और इसका दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी सजा का प्रावधान है। आईटी एक्ट 2000 की धारा 66(C) के तहत इस अपराध में दोषी पाए जाने पर आरोपी को जेल की सजा हो सकती है।
फोटो-01
क्रमांक- 5138/355
जिले के 11 लाख 56 हजार से अधिक नागरिकों की समग्र ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण
कलेक्टर श्री तिवारी ई-केवाईसी कार्य की कर रहें सतत समीक्षा
कटनी (26 अक्टूबर) – शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को मिल सके इस हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में अभियान चलाकर समग्र आईडी से आधार नंबर की ई-केवाईसी का कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले में अब तक 11 लाख 56 हजार 683 नागरिकों की समग्र ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जो कि कुल लक्ष्य का लगभग 80 फीसदी है।
नगर परिषद कैमोर अव्वल
समग्र ई-केवाईसी करने के मामले में नगर परिषद कैमोर जिले में अव्वल है। जहां अब तक 13 हजार 508 नागरिकों की समग्र ई-केवाईसी का कार्य पूरा हो चुका है। जबकि नगर निगम कटनी अंतिम पायदान पर है। जहां अब तक मात्र 1 लाख 59 हजार 459 लोगों की समग्र ई-केवाईसी का कार्य ही पूरा हो सका है।
इसी प्रकार नगर परिषद विजयराघवगढ़ में अब तक 7 हजार 867, जनपद पंचायत कटनी में 1 लाख 37 हजार 132 लोगों की समग्र ई-केवाईसी हो चुकी है। जबकि जनपद पंचायत बहोरीबंद मे 1 लाख 88 हजार 705, जनपद पंचायत रीठी में 1 लाख 18 हजार 102, जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में 1 लाख 70 हजार 123, जनपद पंचायत बड़वारा में 1 लाख 83 हजार 280 समग्र ई-केवाईसी हो चुकी है। इसके अलावा जनपद पंचायत ढ़ीमरखेड़ा में 1 लाख 65 हजार 875 एवं नगर परिषद बरही में 12 हजार 632 नागरिकों की समग्र ई-केवाईसी सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है।
जिले के नागरिकों के लिए समग्र आईडी का आधार से ई-केवाईसी का कार्य एमपी ऑनलाईन, कॉमन सर्विस सेंटर, सीएससी, कियोस्क तथा लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से कराया जा सकता है। इसके अलावा यह प्रक्रिया सीधे समग्र पोर्टल www.samagra.gov.in एवं समग्र मोबाइल एप पर भी की जा सकती है।
फोटो-02
क्रमांक- 5139/356
अब तक जिले के 1.75 लाख से अधिक किसानों की फार्मर आईडी रजिस्ट्री बनीं
कटनी (26 अक्टूबर) – कृषकों को कम्प्यूटरीकृत प्रक्रिया के माध्यम से आसानी से केसीसी ऋण प्राप्त हो सके तथा हितग्राही मूलक योजनाओं का निर्धारण एवं सत्यापन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक कृषक भूस्वामी की फॉर्मर रजिस्ट्री कर एक यूनिक आईडी भारत सरकार द्वारा जनरेट कर प्रदान की जा रही है। जिले में अब तक 1 लाख 75 हजार 219 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य संपादित किया जा चुका है। यह कुल लक्ष्य के विरुद्ध 99.13 प्रतिशत उपलब्धि है।
कलेक्टर द्वारा राजस्व अधिकारियों की बैठक में किसानों के फार्मर आईडी रजिस्ट्री मामले की सतत समीक्षा की वजह से यह उपलब्धि हासिल हो सकी है। कलेक्टर के निर्देश के बाद जिले में अभियान स्वरूप में फार्मर आईडी रजिस्ट्री प्रक्रिया का कार्य संपादित किया गया।
कटनी नगर तहसील में अब तक 9 हजार 442 किसानों की फार्मर आईडी बनाईं जा चुकी है। जबकि कटनी ग्रामीण तहसील के 10 हजार 638 किसानों की, स्लीमनाबाद तहसील के 17 हजार 195 किसानों, बहोरीबंद तहसील के 25 हजार 645 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है। इसी प्रकार विजयराघवगढ़ तहसील के 29 हजार 545 किसानों की, ढीमरखेड़ा तहसील के 26 हजार 923 किसानों सहित बरही तहसील के 17 हजार 227 किसानों और रीठी तहसील के 22 हजार 547 किसानों एवं बड़वारा तहसील के 16 हजार 89 किसानों की फार्मर आईडी बनाईं जा चुकी है।
ऐसे करायें फार्मर रजिस्ट्री
किसान घर बैठे अपने मोबाइल पर फार्मर सहायक एमपी एप डाउनलोड कर फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। मोबाइल एप के अलावा किसान पटवारी अथवा उनके गांव में नियुक्त सर्वेयर सहायक से भी फार्मर रजिस्ट्री करा सकेंगे। एमपी ऑनलाइन कियॉस्क या कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी निर्धारित शुल्क चुकाकर किसान फार्मर रजिस्ट्री करा सकेंगे।
क्रमांक- 5140/357
सफलता की कहानी
स्व-सहायता समूह से जुड़कर बदली रश्मि निखरा की ज़िंदगी
हर महीने 13 से 15 हजार रूपये तक की अर्जित कर रहीं आय
कटनी (26 अक्टूबर) – कभी सामान्य जीवन व्यतीत करने वाली कैलवारा खुर्द निवासी रश्मि निखरा ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर न केवल आत्मनिर्भर बनीं बल्कि, कठोर परिश्रम करने वाली लाखों अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत भी बन चुकी है।
रश्मि का जीवन पहले सामान्य था, लेकिन उनके मन में कुछ बड़ा करने की इच्छा थी। उनके जीवन में टर्निंग पॉइंट तब आया, जब वह गाँव के ‘अद्रिका स्वयं सहायता समूह’ से जुड़ीं। समूह के सहयोग से, रश्मि ने 1 लाख 60 हजार रूपये का ऋण लिया और एक छोटे से व्यवसाय की नींव रखी। रश्मि मुख्य रूप से दीवाली के अवसर पर इस्तेमाल होने वाले विभिन्न प्रकार के सजावटी सामान, दिये, झूमर, भगवान के कपड़े और डिजाइनर थैले बनाती हैं। उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों की गुणवत्ता और डिजाइन की वजह से स्थानीय बाजार में उन्हें काफी सराहना मिल रही है।
रश्मि कहती हैं, “मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मैं अपना खुद का व्यवसाय शुरू कर पाऊँगी। परंतु, स्व-सहायता समूह की मदद और मार्गदर्शन ने मेरी दिशा पूरी तरह बदल दी। आज मैं न केवल आत्मनिर्भर हूँ, बल्कि खुद के बनाए रास्ते पर गर्व से चल रही हूँ।”
उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि आज वह हर महीने 13 हजार से 15 हजार रूपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। रश्मि निखरा आज केवल एक सफल व्यवसायी ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी की महिलाओं के लिए एक जीती-जागती प्रेरणा हैं।
फोटो-03 से 05 तक
क्रमांक- 5141/358
जिला वाटरशेड विकास सलाहकार समिति की बैठक सोमवार को
कटनी (26 अक्टूबर) – प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत सोमवार 27 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट कटनी के सभाकक्ष में “जिला वाटरशेड विकास सलाहकार समिति” की बैठक का आयोजन किया गया है। यह बैठक कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में शाम 4 बजे से आयोजित होगी।
बैठक में वाटरशेड विकास घटक- प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 की परियोजनाओं को मार्च 2026 तक पूर्ण करने हेतु विभिन्न मदों में बची हुई राशि की कार्ययोजना पर चर्चा की जायेगी। साथ ही उत्पादन प्रणाली मद के तहत क्लस्टर आधारित सब्जी उत्पादन के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जायेगी।
जिला पंचायत कटनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने वन विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग, जल संसाधन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक- 5142/359
जिले में अब तक 1164.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
इस साल अब तक पिछले साल से 7.1 फीसदी अधिक औसत वर्षा की गई रिकॉर्ड
कटनी (26 अक्टूबर) – जिले में इस वर्ष रविवार 1 जून से रविवार 26 अक्टूबर तक कुल 1164.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले में सर्वाधिक औसत वर्षा इस साल रीठी तहसील में दर्ज की गई है, जहां अब तक 1481.2 मिलीमीटर वर्षा हुई है।
इसी अवधि में जिले में बीते वर्ष कुल 1087.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार इस साल अब तक पिछले वर्ष की तुलना में 7.1 प्रतिशत अधिक औसत वर्षा हो चुकी है।
अधीक्षक भू-अभिलेख अमृता गर्ग ने बताया कि जिले में आलोच्य अवधि तक कटनी तहसील में 1218.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जबकि तहसील रीठी में 1481.2 मिलीमीटर, बड़वारा तहसील में 1040 मिलीमीटर, बरही तहसील में 1053 मिलीमीटर और विजयराघवगढ़ तहसील में 999.9 मिलीमीटर, बहोरीबंद तहसील में कुल 1057 मिलीमीटर एवं स्लीमनाबाद तहसील में 1356.8 मिलीमीटर तथा ढीमरखेड़ा तहसील में 1109.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।
फोटो-06
क्रमांक- 5143/360
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
कटनी (म.प्र.)
संपर्क – 07622-222229
07622-222230 (OFFICE)
E-Mail – dprokatni@gmail.com








