Election Comition ने नए मतदाता के लिए तैयार की कॉमिक्स बुक, पूरी जानकारी टोल फ्री पर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाताओं के लिए शुरू की गई चुनावी पाठशाला में कार्टून का तड़का लग गया है। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कॉमिक्स बुक तैयार की है। इसमें चुनाव से जुड़ी जानकारियों को दिया जा रहा है। युवा वोटरों को लुभाने के लिए आयोग ने मैं मतदाता हूं नाम से कॉमिक्स तैयार किया है।
इस कॉमिक्स में एक बच्ची आभा का उसकी मां के साथ संवाद दिखाया गया है। इसमें आभा अपने 18वें जन्मदिन पर अपने मां से चर्चा कर रही है। संवाद के माध्यम से आभा को जागरूक किया जा रहा है।
आभा की मां कहती है कि अब वह मतदाता बन सकती है। उसमें बताया जा रहा है कि मतदाता बनना इसलिए जरूरी है क्योंकि हम अपने देश पर शासन करने के लिए अपनी पसंद का जनप्रतिनिधि चुनते हैं। इसमें कुछ सवाल और उसके जवाब भी दिये गए हैं।
इसमें मतदाता बनने की उम्र, मतदाता क्यों बनना चाहिए, मतदाता बनने के फायदे बताये जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरा करने वाले सभी युवाओं को वोटर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में कॉमिक्स और सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कॉमिक्स में चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर का भी जिक्र किया गया है। इसमें 1800111950 टोल फ्री नंबर भी दिया गया है।

