Latestमध्यप्रदेश

Earthquake in MP: सिवनी जिले में लगातार तीन दिन से भूकंप के हल्के झटके, हरियाणा में भी कंपन

Earthquake in Seoni: मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार तीन दिन मतलब विगत 29 व 30 सितम्बर तथा 1 अक्टूबर को भूकम्प के हल्के झटके महसूस किये गये हैं। 1 अक्टूबर को रात 9.20 बजे भूकम्प की तीव्रता 2.8 दर्ज हुई हैं। दर्ज किये गये कम तीव्रता वाले भूकम्पों से जान माल की हानि की संभावना नही हैं। 29 सितम्बर को महसूस भूकम्प की तीव्रता रिक्टर पैमाने में 2.9 तथा 30 सितम्बर को महसूस भूकम्प की तीव्रता 1.8 दर्ज की गई हैं। वहीं हरियाणा में भी रविवार की रात घरती में कंपन महसूस हुआ।

बीते शुक्रवार शाम 6.46 बजे तेज धमाके के साथ धरती कांप गई थी। रविवार को भूकंप का झटका शहरी इलाकों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में महसूस किया गया। हालांकि सीस्मोमीटर में भूकंप दर्ज होने की फिलहाल जानकारी नहीं है। भू वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्षा के बाद इस तरह के झटके बीते चार साल से लगातार सिवनी में महसूस हो रहे हैं, जो वर्षा रुकने के कुछ समय बाद स्वत: समाप्त हो जाते हैं।

जिला प्रशासन भारतीय मौसम विज्ञान के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के सतत संपर्क में हैं। जिला प्रशासन द्वारा पुलिस, होमगार्ड्स, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य एवं स्थानीय प्रशासन अधिकारी कर्मचारियों को समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए अलर्ट पर रहने हेतु निर्देशित किया गया है। शहर में एक बार फिर रविवार रात 9:20 बजे तेज धमाके के साथ धरती में हलचल होने से लोग दहशत में आ गए।

हरियाणा में भी रविवार की रात भूकंप

हरियाणा में रविवार की रात को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। 2.6 की तीव्रता के इस भूकंप से रोहतक व आसपास के कुछ इलाकों में कंपन महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक रविवार रात 11.26 बजे 2.6 तीव्रता का भूकंप आया है। भूकंप का केंद्र हरियाणा के रोहतक से 7 किमी पूर्व दक्षिण पूर्व में खेड़ी साध गांव रहा। धरती के पांच किलोमीटर नीचे हलचल दर्ज की गई है।

Back to top button