Earthquake: सिवनी में अलसुबह भूकंप के झटकों के साथ टूटी नींद, घरों से बाहर दौड़े लोग
सिवनी। सोमवार अलसुबह जोरदार आवाज के साथ भूकंप के झटकों से शहर के लोगों की नींद टूट गई। घबराहट में लोग अपनी जान की सुरक्षा के लिए घरों से बाहर निकल गए। हर दिन शहर के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे है, लेकिन रविवार का दिन लोगों के लिए अच्छा रहा। इस दिन भूकंप के झटके नहीं आने तो लोगों ने चैन की सांस ली थी वहीं सोमवार सुबह फिर तेज भूगर्भीय हलचल ने लोगों का चैन छीन लिया।
यहां ज्यादा महसूस किए गए झटके: शहर के डूंडासिवनी, छिड़िया, पलारी, बारापत्थर, कटंगी रोड क्षेत्र, जनता नगर, गणेश चौक, शुक्रवारी क्षेत्र समेत शहर के अन्य इलाकों में भी सोमवार सुबह 6.46 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। हालांकि रिक्टर में यह भूकंपीय हलचल दर्ज नहीं हुई है।
पूरा घर हिल गया, दीवारों में आ गई दरारें: डूंडासिवनी, छिड़िया पलारी क्षेत्र के दिनेश ठाकरे, अखिलेश राय, दिलीप नेमा समेत अन्य लोगों ने बताया कि सोमवार सुबह 4 से 5 बजे के बीच 2-3 बार हल्के झटके महसूस किए गए वहीं 6.46 बजे तेज झटका आने से पूरा घर हिल गया। कई लोगों के घरों की दीवारों में दरारें आ गई।

