Earth Quack भूकंप : मिजोरम में लगे 5.1 तीव्रता के शक्तिशाली झटके

नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली, गुजरात के बाद मिजोरम (Mizoram) में भूकंप (Earthquake) के झटके महसूस किए गए. रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.1 मापी गई. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (National Center for Seismology) के मुताबिक भूकंप शाम 4 बजकर 16 मिनट पर महसूस किया गया.
मणिपुर विश्वविद्यालय (University of Manipur) के भू-विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य में चार बजकर 16 मिनट पर भूकंप आया जिसकी तीव्रता 5.1 थी. उसका केंद्र पड़ोसी राज्य मिजोरम के नगोपा से करीब नौ किलोमीटर दूर था. पुलिस महानिदेशक (डीजी) नियंत्रण कक्ष के अनुसार जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है.
इससे पहले गुरुवार (18 जून) को भी मिजोरम में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. भूकंप के झटकों के डर से लोग घरों से बाहर निकल आए थे. तब भूकंप का केंद्र मिजोरम के चंफई से 98 किलोमीटर दूर दक्षिण-पूर्व (एसई) पर था.
इससे पहले जम्मू कश्मीर में लगातार 2 दिन भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. जम्मू कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के झटकों की तीव्रता 5.8 थी. भूकंप का केंद्र तजाकिस्तान के दसहांबे से 341 किलोमीटर दूर था. इससे पहले राजधानी दिल्ली-एनसीआर, गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं.
15 जून को महसूस किए गए थे झटके
इससे पहले गुजरात में लगातर दो दिन भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. 14 जून को कच्छ में 5.5 तीव्रता का भूकंप का महसूस किया गया था. इसके ठीक एक दिन बाद 15 जून को भी गुजरात के कुछ इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 रही. भूकंप का केंद्र कच्छ से 15 किलोमीटर दूर था.
60 दिन में 13 बार हिली राजधानी
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो वहां पर पिछले दो महीनों में 13 बार भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं. दिल्ली-एनसीआर में बार-बार भूकंप के झटके महसूस करना एक असामान्य बात कही जा रही है.








