न्याय पाने दर-दर भटक रही पुलिस कार्यवाही से असंतुष्ट वृद्ध महिला, जनसुनवाई में भी नहीं हुई सुनवाई, पुलिस ने कहा-खुद कराओ उपचार

कटनी(YASH BHARAT.COM)। पुलिस की निष्क्रियता से शहर की कानून व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गयी है। एनकेजे थाना में शिकायत के बावजूद भी कोई कार्यवाही नहीं होने से एक वृद्ध महिला न्याय की गुहार लगाने दर -दर भटक रही है, यहाँ तक की जनसुनवाई में भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
एनकेजे थाना अंतर्गत ग्राम हीरापुर कौडिया निवासी कुसुमिया बाई साहू पति शीतल साहू उम्र लगभग 65 वर्ष निवासी ने शिकायत में आरोप लगाया कि सरोज बाई पति विनोद, लल्ला पिता विनोद, शिवम पिता विनोद, निवासी ग्राम हीरापुर कौड़िया ने 5 दिन पूर्व मेरे घर में रात 11 बजे सरोज बाई चोरी करने के उद्देश्य से मेरे घर में घुसी और 3,000 रुपये चोरी किए। जिसे रंगे हाथों मेरे द्वारा पकड़े जाने पर उसका पति विनोद और आ गए और मुझ वृद्ध के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। जिससे मेरे सिर और बांह में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की शिकायत मुझ आवेदिका ने थाना एनकेजे में की लेकिन आज दिनांक तक अनावेदक गणों के विरुद्ध कोई कार्यवाही नहीं की गई है। मैं वृद्ध हूँ बार बार थाना एवं न्यायालय नहीं जा सकती एवं मुझ पर अनावेदक गणों द्वारा जान का खतरा बना हुआ है तथा पूरा परिवार भयभीत है। जिस हेतु आपके समक्ष न्यायहित में आवेदन प्रस्तुत कर रही हूं। महिला ने पुलिस अधिकारियों से प्रार्थना की है कि मुझे आवेदन का अवलोकन करते हुए मारपीट के आरोपियों के विरुद्ध उचित कार्यवाही किए जाने की दया की जाये।महिला ने आरोप लगाया कि जनसुनवाई में भी उसकी शिकायत को अनसुना कर दिया गया और खुद ईलाज कराने का फरमान दिया गया।








